तेज रफ्तार फोर व्हीलर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रुप से घायल, चालक वाहन समेत फरार
मनियर (बलिया)। क्षेत्र के मनियर इंटर कॉलेज के पास केनरा बैंक शाखा के समीप एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने बुधवार कि रात 7:30 बजे दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दुर्घटना के बाद फोर व्हीलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।घायल युवक की पहचान कल्लू राजभर (35 वर्ष) पुत्र सतन राजभर, निवासी दया छपरा, थाना बैरिया, जनपद बलिया के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की जेब से हरे राम यादव की लिफ्टिंग मशीन का एक विजिटिंग कार्ड मिला, जिसके आधार पर फोन कर उसकी पहचान की गई। जानकारी में पता चला कि कल्लू राजभर ढलाई कार्य में प्रयुक्त लिफ्टिंग मशीन पर काम करता है और कार्य के सिलसिले में मनियर आया हुआ था।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फरार फोर व्हीलर चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
रिपोर्ट - मनु तिवारी


No comments