Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बर्थ डे बॉय गिरफ्तार, असलहाधारी की तलाश

 



बेल्थरारोड,बलिया। बेल्थरारोड तहसील क्षेत्र के पूरा पतोई गांव में एक युवक द्वारा कार की बोनट पर केक काट बर्थ डे पार्टी मनाने तथा दोस्त के साथ बागीचे में आम के फलों पर रायफल से जमकर निशाना लगाने का  वीडियो वायरल होने पर भीमपुरा पुलिस ने शुक्रवार को बर्थ डे मनाने वाले युवक सर्वेश सिंह उर्फ मोनू निवासी पूरा पतोई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसके दोस्त के रायफल की तलाश में जुट गई है। बताया जाता है कि युवक ने जिस रायफल ने निशाना लगाया था, वो उसके दोस्त की थी।

                 जानकारी के मुताबिक 9 जून को सर्वेश का जन्मदिन था। वह अपने दोस्तों के साथ गांव में ही एक कार खड़ी कर बोनट पर केक काटकर जन्मदिन मनाया। पार्टी में आजमगढ़ के जीयनपुर थाना अंतर्गत सलेमपुर छपरा निवासी धनेश सिंह भी शामिल होने के लिए आया था। उसके पास रायफल थी। केक काटने के उपरांत सर्वेश ने आम के पेड़ के फल पर निशाना लगाया और रायफल से आम तोड़कर अपने दोस्तों को दिया। इसका वीडियो भी दोस्तों ने बनाया। यह वीडियो शुक्रवार को वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई। भीमपुरा थानाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर अपने बर्थडे में फायरिग करने वाले युवक सर्वेश को उसके घर से रात को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक के पिता संतोष सिंह बिल्थरारोड में ही सहकारी समिति के सचिव हैं। यह युवक किसी प्राइवेट कंपनी में सुरक्षा गार्ड के तौर पर नौकरी करता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि असलहा उसके दोस्त का बताया जा रहा है। मामले में असलहाधारी और बर्थडे मनाने वाले युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। असलहाधारी के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।


रिपोर्ट :- संतोष द्विवेदी

No comments