Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

73वें स्वतंत्रता दिवस पर बागी धरा पर शान से लहराया तिरंगा



बलिया: 73वें स्वतंत्रता दिवस पर पूरे जिले में शान से तिरंगा लहराया। सरकारी से लेकर गैर सरकारी संस्थाओं पर झंडारोहण किया गया। झंडारोहण के बाद आपसी एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। सरकारी कार्यालयों और शैक्षिक संस्थानों में मिष्ठान वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा की गई।

जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने अपने कैम्प कार्यालय पर तिरंगा फहराने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने अन्य अधिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साथ झंडारोहण किया और उपस्थित लोगों को आपसी एकता अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी में जिलाधिकारी ने सेनानी आश्रितों को मिष्ठान व अंगवस्त्रम से सम्मानित किया। गोष्ठी में मौजूद अधिकारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने आजादी के इतिहास को सबसे साझा किया। एडीएम रामआसरे, सिटी मजिस्ट्रेट बृजकिशोर दूबे, मुख्य कोषाधिकारी प्रकाश सिंह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामविचार पांडे, समाजसेवी शिव कुमार कौशिकेय समेत समस्त कलेक्ट्रेट स्टाफ मौजूद थे।









विकास भवन में हुआ भव्य कार्यक्रम


 73वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें दर्जनभर विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्र से आए सैकड़ों लोग मौजूद थे। सीडीओ बद्रीनाथ सिंह ने झंडारोहण के बाद सभी को एकता अखण्डता की शपथ दिलाई। इसके बाद आयोजित समारोह में दर्जनभर वक्ताओं ने आजादी मिलने के बारे में अपने विचार प्रकट किए। सीडीओ ने मौजूद सभी कर्मचारियों को संकल्प दिलाया कि जो जिस क्षेत्र में है अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करें, तभी असली आजादी की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। इस दौरान आजादी और वर्तमान में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूकता से संबंधित संस्कृति कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। 


कर्मचारियों को मिला प्रशस्ति पत्र 


स्वतंत्रता दिवस पर विकास भवन में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसमें महिला कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग व अन्य विभागों के कर्मचारी थे। कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी तिलकधारी, जिला विकास अधिकारी शशिमौली मिश्रा, जिला पंचायत राज अधिकारी शेष देव पांडे सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। संचालन दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कृष्णकांत राय ने किया।


By-Ajit Ojha

No comments