Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

यूनीफॉर्म सिविल कोड को लेकर मुसलमानों को किया जा रहा भ्रमित: पीएम मोदी

 




भोपाल। भाजपा के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कुछ लोगों ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति के चक्कर में पसमांदा मुसलमानों को तबाह कर दिया है। उनके ही एक वर्ग ने पसमांदा मुसलमानों का शोषण किया है। आज भी उन्हें बराबरी का हक नहीं मिलता। उन्हें नीचा और अछूत समझा जाता है।  यूनीफॉर्म सिविल कोड को लेकर उन्हें भ्रमित किया जा रहा है। इसे लेकर भी उन्हें हकीकत बतानी होगी।  


प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि उन्हें भ्रष्टाचार का, कमीशन का, मलाई खाने का, कट मनी का, हिस्सा मिलता है। उनका रास्ता तुष्टिकरण, वोटबैंक का है। गरीब को गरीब बनाए रखने, वंचित को वंचित बनाए रखने से ही उनकी राजनीति चलती है। तुष्टिकरण का यह रास्ता कुछ दिनों तक फायदा दे सकता है, लेकिन यह देश के लिए महाविनाशक होता है। यह देश के विकास को रोक देता है। देश में तबाही लाता है। भेदभाव पैदा करता है। समाज में दीवार खड़ी करता है। एक तरफ इस तरह के लोग हैं, जो तुष्टिकरण कर अपने स्वार्थ के लिए छोटे-छोटे कुनबे दूसरों के खिलाफ खड़े कर देते हैं। दूसरी तरफ हम भाजपा के लोग हैं। हमारे संस्कार अलग हैं। हमारे संकल्प बड़े हैं। हमारी प्राथमिकता दल से पहले देश की है। हम यह सब मानते हैं कि जब देश का भला होगा तो सबका भला होगा। सबका भला होगा तो देश आगे बढ़ेगा। इस वजह से भाजपा ने यह तय किया है कि हमें तुष्टिकरण के रास्ते पर नहीं चलना है। हमें संतुष्टिकरण के रास्ते पर चलना है। 

इसके पूर्व प्रधानमंत्री ने देश के छह राज्यों को जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनों को एक साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया,जो मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र को जोड़ेगी।




डेस्क

No comments