पूर्णकालिक सेवा की मांग को लेकर एमएलसी डॉ. राहुल राज से मिले अनुदेशक
ज्ञापन सौंपकर उठाई सेवा और मानदेय में सुधार की मांग, शिक्षा मंत्री के समक्ष मुद्दा उठाने का मिला आश्वासन
सारण। शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशकों ने अपनी सेवा को पूर्णकालिक करने और मानदेय संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. राहुल राज से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर अनुदेशकों की समस्याओं से अवगत कराया।
संघ के मीडिया प्रभारी त्र्यंबक पांडेय गांधी ने कहा कि सरकार अनुदेशकों से नियमित शारीरिक शिक्षकों की तरह सभी कार्य ले रही है। विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों के संचालन के साथ विभागीय और शैक्षणिक जिम्मेदारियां भी सौंपी जाती हैं, लेकिन वेतन और सेवा का लाभ देने के मामले में उन्हें अंशकालिक कर्मचारी माना जाता है। यह अनुदेशकों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि शैक्षणिक योग्यता और कार्यक्षमता के बावजूद अनुदेशकों को सीमित मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित होकर बिहार के अलग-अलग जिलों में सेवा दे रहे अनुदेशकों के सामने आर्थिक कठिनाइयों के साथ गृह जिले से दूर रहकर नौकरी करने की भी चुनौती है। ऐसे में वर्तमान मानदेय पर परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि अनुदेशकों को अंशकालिक व्यवस्था से मुक्त कर पूर्णकालिक सेवा का दर्जा दिया जाए। साथ ही मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि कर सेवा संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाए, ताकि वे आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
अनुदेशकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद विधान पार्षद डॉ. राहुल राज ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को शीघ्र ही शिक्षा मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनुदेशक अपनी मांगों को लेकर विश्वास बनाए रखें। समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान संगठन की ओर से पंकज गुप्ता, नितेश सिंह, मनोहर पांडेय, चंद्रभूषण तिवारी, मृणाल आनंद, हरेंद्र सिंह, अनूप सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रिपोर्ट बिहार डेस्क



No comments