लंबित अनुदान भुगतान के लिए शिक्षा मंत्री से मिले डॉ. राहुल राज
शिक्षकों की आर्थिक परेशानी उठाई, भुगतान में बाधाएं दूर कर शीघ्र राशि जारी करने का मिला आश्वासन
सारण। शिक्षकों के हक और सम्मान की आवाज बुलंद करते हुए सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधान पार्षद डॉ. राहुल राज ने अनुदानित विद्यालयों के शिक्षकों के लंबित अनुदान भुगतान का मुद्दा शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने छठ महापर्व से पूर्व शिक्षकों को भुगतान नहीं होने पर चिंता जताते हुए मंत्री से हस्तक्षेप कर बकाया राशि शीघ्र जारी कराने का आग्रह किया।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षक लंबे समय से शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन भुगतान में देरी के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। पर्व के अवसर पर भी बकाया अनुदान नहीं मिलने से शिक्षकों और उनके परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने भुगतान प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं की समीक्षा कर तत्काल दूर करने की मांग की।
उन्होंने सरकारी विद्यालयों में वेतन भुगतान से जुड़ी विसंगतियों का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि शिक्षकों के आर्थिक हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। शिक्षकों से पूरी जिम्मेदारी के साथ काम लिया जाता है, ऐसे में उनके वेतन और अनुदान का भुगतान भी समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। शिक्षकों को अपने अधिकारों के लिए अनावश्यक इंतजार करना पड़े, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
शिक्षा मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि अनुदान भुगतान से संबंधित लंबित कागजी प्रक्रिया की शीघ्र समीक्षा कर उसे पूरा कराया जाएगा। भुगतान में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं को दूर कर लंबित राशि जारी करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। शिक्षकों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिया।
डॉ. राहुल राज ने कहा कि वित्त रहित एवं अनुदानित विद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। शिक्षकों का सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और अधिकार सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार और संबंधित विभाग के स्तर पर लगातार आवाज उठाई जाएगी।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी



No comments