Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

मां के शव के साथ पांच दिनों से सो रही थी बेटी, पुलिस के आने पर सामने आई यह बात



लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बेटी अपनी मां के शव के साथ पिछले पांच दिन तक सोती रही है। पड़ोसियों ने दुर्गंध आने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया तो महिला की मौत चार से पांच दिन पहले होने की बात सामने आई। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की है। महिला के मायके वाले बेटी को साथ ले गए हैं।
मामला कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास संख्या-3 स्थित अंबेडकर नगर का है। सिंचाई विभाग में अकाउंट अफसर रहे मदनलाल द्विवेदी का वर्ष 2005 में देहांत हो गया था। इसके बाद उनकी 61 वर्षीय पत्नी श्यामा देवी ने अंबेडकरपुरम में मकान खरीदा और 19 वर्षीय बेटी अपर्णा के साथ रहने लगी थीं। पति की मौत के बाद मिलने वाले पेंशन से मां बेटी गुजारा कर रही थी।
पड़ोसियों के मुताबिक कुछ दिन से श्यामा घर के बाहर दिखाई नहीं दी थीं। अपर्णा दरवाजा खोलकर बाहर बैठ जाती थी और पूछने पर कहती कि मां आराम कर रही है। काफी दिनों से श्यामा को न देखने की वजह से शनिवार को पड़ोसियों ने घर में झाका तो बदबू आई। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर के अंदर पहुंची तो रौंगटे खड़े करने वाला नजारा सामने था। मृत श्यामा का शव सड़ चुका था और अपर्णा उससे लिपटकर सोई हुई थी। उसे शव से अगल किया गया तो फफक कर रोने लगी। किसी तरह उसे समझाकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
चौकी प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि शव सड़ चुका था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर ने शव करीब पांच दिन पुराना होने की बात कही है, विसरा सुरक्षित किया गया है। भाभी सर्वेशलता ने बताया कि मदनलाल ने श्यामा से वर्ष 1992 में दूसरी शादी की थी। उनकी पहली पत्नी से एक बेटा विजय है, जो अपनी पत्नी बच्चों संग लखनऊ इंदिरा नगर में रहता है। सौतेले बेटे से संपर्क करके मां के मौत की जानकारी दी तो उसने आने से इंकार कर दिया।
डेस्क

No comments