Live: तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर केजरीवाल ने ली शपथ
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल ने रविवार को तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके बाद मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र पाल गौतम ने मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस की शीला दीक्षित के बाद तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले केजरीवाल दूसरे नेता हैं। आप ने दिल्ली के विकास में योगदान देने वाली 50 लोगों को समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर बुलाया।
आम आदमी पार्टी ने शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छोड़कर किसी अन्य नेता को न्योता नहीं दिया। हालांकि, मोदी इसमें शामिल नहीं हुए। शनिवार देर शाम केजरीवाल ने मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे 6 विधायकों के साथ डिनर किया। इस दौरान सिसोदिया, जैन, राय, गहलोत, हुसैन और गौतम मौजूद थे।
रामलीला मैदान में कार्यक्रम से पहले ही सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने मंच पर पेंटिंग की। इसके अलावा इलाके में पौधरोपण और फूल लगाए गए। इलाके की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के दो से तीन हजार जवान समारोह स्थल के आसपास तैनात किए गए।
जिन खास लोगों को न्योता दिया गया है, उनमें टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल, दिल्ली के सरकारी स्कूल में पढ़ कर आईआईटी परीक्षा पास करने वाले विजय कुमार, मोहल्ला क्लीनिक की डॉक्टर अल्का, बाइक एंबुलेंस सेवा चलाने वाले युद्धिष्ठिर राठी, नाइट शेल्टर में केयरटेकर शबीना नाज, बस मार्शल अरुण कुमार, सिग्नेचर ब्रिज के आर्किटेक्ट रतन जमशेद बाटलीबोइ और मेट्रो पायलट निधि गुप्ता शामिल हैं।
शपथ समारोह से पहले ही भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने केजरीवाल को पत्र लिखा। आरोप लगाया कि आप ने एक सर्कुलर जारी किया है, जिसके तहत 15 हजार सरकारी स्कूल टीचरों को शपथ ग्रहण में पहुंचना अनिवार्य किया गया है। गुप्ता ने इस सर्कुलर को तानाशाही और लोकतंत्र के खिलाफ बताया। हालांकि, मनीष सिसोदिया ने कहा कि शिक्षकों को सिर्फ न्योता दिया है। यह कोई आदेश नहीं है। भाजपा को पता ही नहीं कि टीचर्स की इज्जत कैसे करते हैं।
डेस्क


No comments