सड़क दुर्घटना में विद्यालय प्रबंधक घायल
सुखपुरा(बलिया) : कस्बा निवासी एवं ऊषा पब्लिक कान्वेंट स्कूल एकवारी के प्रबंधक सत्य प्रकाश गुप्त अपने ननिहाल आसनसोल जाते समय सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका इलाज रांची में चल रहा है।चालक दीपक(25) की इलाज के दौरान मौत हो गयी।श्री गुप्त अपने मामा के लड़के अशोक के साथ अपनी निजी गाड़ी से बुधवार की सुबह यहां से आसनसोल के लिए रवाना हुए।
भागलपुर के नजदीक उनकी गाड़ी सड़क पर खड़े एक टैंकर से लड़ गयी जिसके कारण वाहन चालक दीपक सहित उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।आसपास के लोगों ने आसनसोल में इनके ननिहाल के लोगों को सूचना दिया एवं घायलों को इलाज हेतु तत्काल भागलपुर भिजवाया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों लोगों की हालत गंभीर देख कर रांची के लिए रेफर कर दिया। वाहन चालक दीपक की इलाज के दौरान भागलपुर में मौत हो गई।दुर्घटना की सूचना पर यहां से भी श्री गुप्त के परिजन बुधवार देर शाम रांची रवाना हो गए।
रिपोर्ट अनिल सिंह
No comments