डीएम और एसपी ने मतदाता पंजीकरण कैंपों का किया निरीक्षण
छूटे मतदाताओं के नाम जोड़ने में तेजी लाएं बीएलओ : डीएम
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की डीएम-एसपी ने परखी प्रगति
बलिया। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के नाम जुड़वाने के लिए शनिवार को विभिन्न विद्यालयों में लगाए गए कैंपों का जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कैंपों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित बीएलओ से मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुरली मनोहर इंटर कॉलेज, कुंवर सिंह इंटर कॉलेज, उच्च विद्यालय जीरबस्ती तथा प्राथमिक विद्यालय जीरबस्ती में संचालित कैंपों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अब तक मतदाता सूची में जोड़े गए नामों की संख्या के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित किसी भी पात्र नागरिक का नाम जोड़ने में लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत पात्र व्यक्तियों को मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया गंभीरता से पूरी की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं को चिह्नित कर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी



No comments