Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

सनबीम स्कूल बलिया के छात्र ने इसरो की साइबरस्पेस प्रतियोगिता के टाप हंड्रेड में बनाया स्थान

 



बलिया: वर्ष 2020 जहां सभी के लिए कठिनाइयों से भरा रहा वहीं पिछले कुछ दिनों में सनबीम स्कूल बलिया ने इस प्रतिकूल परिस्थिति को भी अनुकूल परिस्थिति में परिवर्तित कर अनेक उपलब्धियां अपने नाम दर्ज कराई।

    उपलब्धियों के इसी क्रम में विद्यालय के कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली छात्र मानस गुप्ता ने राष्ट्रीय स्तर पर *"भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा आयोजित साइबरस्पेस प्रतियोगिता"* में टॉप १०० में स्थान प्राप्त कर अपने तथा विद्यालय के नाम एक नया कीर्तिमान स्थापित किया।

     भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने तथा उनके क्रियात्मक और रचनात्मक कौशल को विकसित करने हेतु विभिन्न आयु-वर्ग के लिए विभिन्न प्रकार के  'साइबरस्पेस प्रतियोगिता ' का आयोजन किया गया था जिसमें मानस गुप्ता ने मॉडल मेकिंग में GSLV MK3( भूस्थिर उपग्रह प्रक्षेपण यान संस्करण 3)का मॉडल बनाया था। बता दे कि GSLV MK 3 एक ऐसा रॉकेट है जो २०० हाथियों जितना वजनदार है तथा यह पूर्णतः भारत में बना है।

      मानस द्वारा बनाए गए इस मॉडल की इसरो द्वारा सराहना की गई तथा उसे राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष १०० में स्थान दिया गया।मनास की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का वातावरण है। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री संजय कुमार पाण्डेय तथा सचिव श्री अरूण कुमार सिंह ने कहा कि मानस की इस उपलब्धि से ना केवल विद्यालय अपितु पूर्ण जनपद गौरवान्वित हुआ है। विद्यालय के निदेशक डॉ कुँवर अरूण सिंह ने कहा कि " विद्यालय सदैव ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करता रहा है तथा  उन्हें एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म देने के लिए सदैव प्रयासरत रहता है। विघालय के शिक्षक छात्रों के प्रतिभा को निखारने के लिए हरसंभव प्रयास करते हैं।" मानस की इस सफलता में मानस के साथ ही उनकी शिक्षिका श्रीमती स्वेता श्रीवास्तव का अनुकरणीय योगदान रहा। प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा ने मानस की इस उपलब्धि के लिए उसे बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।


रिपोर्ट धीरज सिंह

No comments