Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

23 नवंबर का राशिफल: आज इन राशियों को नहीं होगी धन की दिक्कत

 







मेष (मार्च 20 से अप्रैल 18):

आज आपको सकारात्मकता की अनुभूति होगी और आप खुद को जोश और उत्साह से भरा हुआ पाएंगे। यदि कामकाज से जुड़ी कोई समस्या है तो आपको ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। आप बस समझदारी से अपने फैसले लें। दफ्तर में किसी महत्वपूर्ण कार्य को पूरा करने में सहकर्मियों का पूरा सहयोग आपको मिलेगा। इतना ही नहीं, आपकी मेहनत देखकर उच्च अधिकारी भी काफी प्रभावित होंगे। वहीं व्यापार करने वाले जातकों को इस समय कोई नया कार्य शुरू करने से बचना होगा। अगर आपको कोई व्यवसायिक प्रस्ताव मिलता है तो जल्दबाजी से बचें। पारिवारिक जीवन खुशहाल रहेगा। आज परिजनों के साथ आपको पर्याप्त समय बिताने का मौका मिलेगा। सेहत आपकी अच्छी रहेगी और आप काफी फुर्तीले रहेंगे।

शुभ रंग: मैरून

शुभ अंक: 7

शुभ समय: शाम 4 बजे से रात्रि 9:20 तक

वृषभ (अप्रैल 19 से मई 19):

अगर आप सरकारी नौकरी करते हैं तो आज आपको कोई बड़ा और महत्वपूर्ण कार्य सौंपा जा सकता है। ऐसे में जल्दबाजी और हड़बड़ाहट से बचें और किसी भी तरह की लापरवाही न करें। वहीं दूसरी ओर व्यापारियों को आज कुछ नुकसान उठाना पड़ सकता है। पैसों के मामले में आंख बंद करके किसी पर भी भरोसा न करें। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में गिरावट आने से आज आपको कई सारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस समय आपके प्रिय को अच्छी देखभाल की जरूरत है। अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए आपको अपने प्रयास जारी रखने होंगे। स्वास्थ्य की बात करें तो ज्यादा गुस्से और तनाव से आपको बचने की सलाह दी जाती है।

शुभ रंग: हरा

शुभ अंक: 17

शुभ समय: शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक

मिथुन (मई 20 से जून 20):

लंबे समय से मन में दबी हुई आपकी कोई इच्छा आज पूरी हो सकती है जिससे आप बहुत प्रसन्न रहेंगे। अगर आप नौकरी करते हैं तो केवल वरिष्ठ ही नहीं बल्कि सहकर्मी भी आपके प्रदर्शन से काफी प्रभावित होंगे। आज आपको कुछ अच्छा और नया सीखने को भी मिल सकता है। अगर आप व्यापार करते हैं तो नए निवेश के लिए दिन अच्छा है। इसके अलावा किसी नयी व्यवसायिक योजना पर भी आप कोई महत्वपूर्ण फैसला ले सकते हैं। निजी जीवन की बात करें तो जीवनसाथी के साथ मतभेद गहरे हो सकते हैं। बेहतर होगा कि आप अपने शब्दों का प्रयोग सोच समझकर करें अन्यथा आप अपने प्रिय की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं। सेहत की बात करें तो रोजाना सुबह खुली हवा में सैर करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।

शुभ रंग: सफेद

शुभ अंक: 5

शुभ समय: दोपहर 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक

कर्क (जून 21 से जुलाई 21):

कार्यक्षेत्र में आज आपको अपनी प्रतिभा दिखाने का कोई मौका मिल सकता है। नौकरीपेशा जातकों के लिए आज का दिन बहुत ही बढ़िया साबित होगा। जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आपको सौंपी गई थी उसके समय पर पूरा होने से दफ्तर में आपका खूब नाम होगा। आपके वरिष्ठ ही नहीं बल्कि सहकर्मी भी आपकी तारीफ करेंगे। अगर पैसों को लेकर आप परेशान चल रहे हैं तो आज परिस्थिति में सुधार आने की संभावना है। किसी छोटे से काम से आपको उम्मीद से ज्यादा अच्छा परिणाम मिल सकता है। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन बहुत ही बढ़िया रहेगा। शिक्षा के क्षेत्र में आपको कोई बड़ी सफलता मिलने का योग बन रहा है। यदि आप विदेश जाकर पढ़ाई करने के इच्छुक हैं तो आपका यह सपना जल्द पूरा हो सकता है। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में तालमेल अच्छा रहेगा जिससे आपका दिन और भी यादगार बन जाएगा।

शुभ रंग: लाल

शुभ अंक: 5

शुभ समय: दोपहर 2 बजे से रात्रि 9 बजे तक

सिंह (जुलाई 22 से अगस्त 21):

कार्यक्षेत्र में स्थिति अनुकूल रहेगी। आपकी मेहनत और सूझ बूझ से आज आपको कोई बड़ा फायदा मिल सकता है। नौकरी करने वाले जातकों को अपने बॉस का सानिध्य प्राप्त होगा। वहीं व्यापारियों को भी आर्थिक फायदा हो सकता है। दिन के दूसरे हिस्से में वित्तीय तौर पर सुधार आएगा। हालांकि पैसों के मामले में आपको थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है अन्यथा हाथ में आया हुआ धन आसानी से सरक जाएगा। पिता के स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा। आपको अपने बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। भागदौड़ भरे दिन के बावजूद आज आप ऊर्जावान और तरोताजा महसूस करेंगे। वाद विववाद से बचें, नहीं तो छोटी सी बात किसी बड़ी परेशानी को न्योता दे सकती है।

शुभ रंग: क्रीम

शुभ अंक: 22

शुभ समय: सुबह 7:45 से शाम 5 बजे तक

कन्या (22 अगस्त से 21 सितंबर):

आज बच्चों को लेकर आप कुछ तनाव में रहेंगे। अगर वे आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहे हैं तो आपको उनका मार्गदर्शन करना चाहिए। सख्ती से नहीं बल्कि प्यार से पेश आएं। अगर बात आपके दाम्पत्य जीवन की करें तो आज का दिन मिलाजुला परिणाम देने वाला रहेगा। जीवनसाथी का बर्ताव सामान्य रहेगा। आज वे काफी व्यस्त रह सकते हैं जिससे एक दूसरे के साथ आप ज्यादा समय नहीं बिता पाएंगे। दफ्तर में अचानक कुछ नई जिम्मेदारियां आ जाने से आप पर दबाव अधिक रहेगा। आर्थिक मोर्चे पर आज का दिन अच्छा रहेगा। आप अपने तयशुदा बजट के अनुसार ही खर्च करेंगे। शाम को किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है।

शुभ रंग: बैंगनी

शुभ अंक: 37

शुभ समय: प्रातः 4:25 से दोपहर 3 बजे तक

तुला (सितंबर 22 से अक्टूबर 22):

सारी चिंताओं को भूलकर इस समय आपको खुद पर ध्यान देने की जरूरत है। पैसों को लेकर ज्यादा तनाव न लें। आप अपने आर्थिक प्रयास जारी रखें, जल्द ही माता लक्ष्मी की कृपा आप पर बरसेगी। कामकाज के मोर्चे पर दिन अच्छा है। आज सोचे हुए सभी काम समय पर पूरे होंगे। अगर आप नौकरी करते हैं तो वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तालमेल अच्छा रहेगा। आपको उनकी ओर से कोई महत्वपूर्ण सलाह मिल सकती है। पारिवारिक जीवन में स्थिति सामान्य रहेगी। माता-पिता का पूरा समर्थन आपको मिलेगा। शाम को मित्रों के साथ सैर सपाटे पर जाने का अवसर प्राप्त होगा। स्वास्थ्य के मामले में आज का दिन ठीक रहेगा।

शुभ रंग: हरा

शुभ अंक: 31

शुभ समय: दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक

वृश्चिक (अक्टूबर 23 से नवंबर 20):

आज किसी मित्र के साथ मतभेद संभव है। बेहतर होगा आप गुस्से में आकर आप ऐसा कुछ न कहें जिसे लेकर बाद में आपको पछताना पड़े। आज आपको कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है लेकिन जीवनसाथी का प्रेम और सहयोग मिलने से आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। आर्थिक मोर्चे पर दिन ज्यादा लाभदायक नहीं है। आमदनी आपकी ठीक रहेगी लेकिन कुछ बड़े खर्चे हो सकते हैं। आपकी भलाई इसी में है कि आप अपनी आमदनी और खर्चों के बीच संतुलन बनाकर चलें। अगर बात आपके काम की करें तो आज दफ्तर का माहौल कुछ गर्म रहेगा। आपके बॉस का रवैया कुछ ज्यादा ही कड़क रहेगा। आप अपना पूरा ध्यान अपने काम पर लगाएं। सेहतमंद रहने के लिए समय पर भोजन करें और बाहर का खाना खाने से बचें।

शुभ रंग: आसमानी

शुभ अंक: 11

शुभ समय: शाम 4 बजे से रात्रि 9:30 बजे तक

धनु (21 नवंबर से 20 दिसंबर):

मानसिक रूप से कुछ उथल पुथल महसूस होगी। मन में कई तरह के विचार आ सकते हैं। आज आपके स्वभाव में क्रोध और झुंझलाहट रहेगी। ऐसे में आसपास के लोगों के साथ आपका विवाद हो सकता है। बेहतर होगा कि आप अपने व्यवहार को ठीक रखें। नौकरीपेशा जातकों को अपना काम ध्यानपूर्वक करने की जरूरत है। एक ही गलती को बार बार दोहराने से बचें। व्यापार से जुड़े जातकों के लिए आज का दिन सामान्य से बेहतर रहेगा। अगर आपका काम लकड़ी से जुड़ा है तो आपको अच्छा आर्थिक फायदा हो सकता है। पारिवारिक जीवन में तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। परिजनों के साथ तालमेल अच्छा रखने की कोशिश करें। जीवनसाथी पर अपना भरोसा मजबूत करें।

शुभ रंग: गुलाबी

शुभ अंक: 12

शुभ समय: दोपहर 12:30 बजे से शाम 6 बजे तक

मकर (21 दिसंबर से 19 जनवरी):

आज पैसों को लेकर किसी के साथ आपकी कहासुनी हो सकती है। आपको सलाह दी जाती है कि इस तरह के मामलों में आप गुस्से से नहीं, शांति से काम लें। वाद विवाद से बचने की कोशिश करें अन्यथा नुकसान आपका ही होगा। नौकरीपेशा जातकों के लिए आज का दिन चुनौतीपूर्ण रहेगा। दफ्तर में अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। कुछ ईर्ष्यालु स्वभाव के लोग आपके बारे में गलत बातें फैलाकर आपको परेशान कर सकते हैं। ऐसे में आपको होशियारी से काम लेना होगा। अगर आप साझेदारी में व्यापार करते हैं तो आज आपके पार्टनर की समझदारी से कोई अटका हुआ व्यवसायिक मामला सुलझ सकता है। स्वास्थ्य की दृष्टि से आज का दिन मिलाजुला रहेगा।

शुभ रंग: गहरा हरा

शुभ अंक: 36

शुभ समय: सुबह 11:45 से रात्रि 8:30 तक

कुम्भ (20 जनवरी से 18 फरवरी):

मानसिक रूप से आज आप काफी अच्छा महसूस करेंगे। किसी करीबी से अपने मन की बात शेयर करने का मौका मिलेगा। इससे आपका तनाव काफी कम होगा। आप सकारात्मक रहने की कोशिश करें और अपने सभी फैसले सोच समझकर लें। यदि पैसों को लेकर आप कोई प्रयास कर रहे हैं तो आपको सफलता मिल सकती है। आप कोई पुराना कर्ज भी चुका पाएंगे। घर का वातावरण शांत रहेगा। परिजनों के साथ आज का दिन मौज मस्ती में बीतेगा। संतान से जुड़ी किसी चिंता से आपको मुक्ति मिल सकती है। लंबे समय बाद आज जीवनसाथी के साथ आप बहुत ही यादगार दिन गुजारेंगे। सेहत की बात करें तो आज किसी तरह की समस्या दिखाई नहीं दे रही है। कुलमिलाकर आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है।

शुभ रंग: पीला

शुभ अंक: 8

शुभ समय: सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक

मीन (19 फरवरी से 19 मार्च):

पैसों के मामले में आज का दिन शुभ है। आपको आय का नया स्रोत प्राप्त हो सकता है। अगर आप समझदारी से अपने आर्थिक फैसले लेंगे तो इसका अच्छा फायदा आपको जरूर मिलेगा। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में मधुरता बढ़ेगी। आपकी आपसी समझ और भी बेहतर होगी। घर के किसी सदस्य की सेहत को लेकर आप कुछ परेशान रहेंगे। दवाइयों या डॉक्टर पर आपका कुछ ज्यादा ही धन खर्च हो सकता है। कामकाज के मोर्चे पर दिन अनुकूल है। आप मन लगाकर काम करेंगे। व्यापारियों के लिए दिन मिलाजुला रहेगा। आज अचानक आपको यात्रा करनी पड़ सकती है। अगर आप अपनी मानसिक शांति बनाए रखना चाहते हैं तो नकारात्मक विचारों से दूर रहें और रोजाना ध्यान करें।

शुभ रंग: नारंगी

शुभ अंक: 27

शुभ समय: प्रातः 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक





डेस्क

No comments