Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

सुबह टहलने निकले गिट्टी बालू कारोबारी की गोली मारकर हत्या



बेल्थरारोड, बलिया। नगरा थाना क्षेत्र के नगरा गड़वार मार्ग पर बछईपुर चट्टी के समीप शनिवार को तड़के बाइक सवार बदमाशों ने टहलने निकले सरया बगडौरा निवासी गिट्टी बालू के व्यापारी 50 वर्षीय हिरामन यादव की गोली मार कर हत्या कर दिए। तड़के हुई इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नगरा गड़वार मार्ग पर ढाई घंटे तक शव के साथ जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक बलिया के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम हेतु बलिया भेज दिया। मृतक के पुत्र के तहरीर पर पुलिस ने सात लोगो के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।



            नगरा थाना क्षेत्र के सरया बगडौरा निवासी हिरामन यादव की बछईपुर चट्टी के पास गिट्टी बालू की दुकान है। हिरामन यादव रोज की भांति सुबह नगरा गड़वार मार्ग पर टहलने निकले थे। सुल्तानपुर मोड़ से सौ मीटर पूरब गए थे कि पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने असलहे से हिरामन के पेट में गोली मार दी जिससे वह सड़क पर ही गिर कर छटपटाने लगे। फिर बदमाशों ने सिर में गोली मार दी। जिससे घटना स्थल पर ही हिरामन की मौत हो गई। गोली मारने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।आक्रोशित ग्रामीण शव को सड़क पर रखकर नगरा गड़वार मार्ग पर जाम कर दिया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस के आला अफसर भी पहुंच गए। पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र नाथ के आश्वासन पर ग्रामीणों ने ढाई घंटे बाद जाम समाप्त किया। उधर मृतक के पुत्र सिंटू यादव के तहरीर पर पुलिस ने सात लोगो के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत करने के बाद एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।






*घटना के पीछे दो साल पुरानी रंजिश*


बेल्थरारोड। नगरा थाना क्षेत्र के सरया बगडौरा निवासी हिरामन यादव की हत्या के पीछे छेड़खानी को लेकर दो साल पहले की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक हिरामन यादव का गांव में ही छेड़खानी को लेकर दो साल पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही है। जिसमें दो बार दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई है और हिरामन ने पुलिस को दो बार तहरीर दिया था लेकिन पुलिस मामले को हल्के में लेकर गम्भीर धाराओं को दरकिनार कर हल्की धारा में मुकदमा पंजीकृत तो कर लिया लेकिन घटना को गम्भीरता से नहीं लिया। वहीं हिरामन ने दो दो बार जानमाल की खतरे का प्रार्थना पत्र थाने पर दिया था लेकिन पुलिस पर कोई असर नहीं पड़ा। जिसका परिणाम हत्या के रूप में सामने आया। मृतक के एक पुत्र 22 वर्षीय सिंटू,20 वर्षीय नेहा व 18 वर्षीय निधि है। पुत्र व बड़ी पुत्री की शादी भी मई में तय है। पत्नी शीला यादव का रोते रोते बुरा हाल है। मृतक दो भाईयो में छोटा था।




*विधायक ने मृतक के पुत्री की शादी का खर्च उठाने का दिया आश्वासन, पुलिस पर बरसे*


बेल्थरारोड। रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह घटना की जानकारी होने के बाद घटना स्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए बच्ची की शादी का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस पर जमकर बरसे। कहे कि नगरा पुलिस जनता को बख्श दे। सुरक्षा के प्रति गंभीर हो जाए। राजस्व की दखलंदाजी बन्द करे। नगरा पुलिस बता दे कि कितना महीने में खर्च चाहिए, हम देने को तैयार है। कहे कि मेरे क्षेत्र में तीन थाने रसड़ा, नगरा, गड़वार पड़ते है। नगरा गड़वार की रवैया से हम क्षुब्ध है। अप्रत्यक्ष रूप से जिले के आला अफसरों को भी नाकाम बताते हुए कहे की जिले की पुलिसिंग व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है।पूर्व में तैनात एसपी प्रभाकर चौधरी की तारीफ करते हुए कहे नगरा पुलिस सरया बगडौरा मामले में गम्भीर रही होती तो और धाराएं नहीं बदली होती तो तो आज हत्या जैसी घटना नहीं होती।

                                    

 संतोष द्विवेदी

No comments