क्रिएटिव किड्स प्ले स्कूल ने धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस
मनियर, बलिया। मनियर कस्बा स्थित पुरानी पानी टंकी के पास संचालित क्रिएटिव किड्स प्ले स्कूल में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सैनिक वर्दी पहनकर आकर्षक मार्च पास्ट किया। देशभक्ति के नारों से गूंजते इन बच्चों को देखकर उपस्थित जनसमूह गर्व से अभिभूत हो उठा।
स्कूल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में नगर पंचायत मनियर की अध्यक्ष बुचिया देवी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खड़सरा शाखा के प्रबंधक लोकेश यादव तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी संदीप सिंह ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम में सभासद अभय सिंह, पूर्व प्रधानाध्यापिका विद्यावती तिवारी, मनियर थाने के एसआई रमेश यादव, विनय कुमार सिंह उर्फ मीटर, कन्हैया पासवान, विकास तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बाद में भूमि विकास बैंक बांसडीह के अध्यक्ष कुंवर विजय सिंह पप्पू एवं नीरज मिश्रा भी समारोह में शामिल हुए।
इस अवसर पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की डायरेक्टर सुषमा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम ने क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, एकता और संस्कारों की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।
रिपोर्ट मनु तिवारी



No comments