बाईपास मार्ग पर ट्रक चालक से मारपीट,वाराणसी रेफर
गड़वार (बलिया) थाना क्षेत्र के नगर पंचायत रतसर के स्थानीय वार्ड नंबर-03 शिवपुरी (बारी) निवासी 45 वर्षीय राजनाथ यादव के साथ शनिवार की रात नहर बाईपास रोड पर सुहेलदेव प्रतिमा के सामने मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में घायल ट्रक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया,जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए रविवार को चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार राजनाथ यादव निजी ट्रक चलाते हैं। शनिवार की रात वह बांसडीह से ट्रक खाली कर घर लौट रहे थे।सुखपुरा-रतसर नगर मार्ग पर साइड देने को लेकर कार सवार कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार अपने वाहन तथा बाइक से आए दो साथियों के साथ ट्रक का पीछा करते हुए रतसर नगर में सुहेलदेव प्रतिमा के पास पहुंचे। वहां कार को ट्रक के आगे खड़ा कर वाहन रोक लिया गया।
आरोप है कि इसके बाद कार सवारों ने राजनाथ यादव को ट्रक से नीचे उतारकर बेरहमी से मारपीट की और मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की भीड़ जुटने पर घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के बाद रविवार को गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने राजनाथ को वाराणसी रेफर कर दिया।
मामले में स्थानीय चौकी प्रभारी बांक बहादुर सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments