पचरूखा देवी मंदिर से लाखों रूपए मूल्य की चांदी की तीन छत्तर (झूमर) की चोरी
रेवती (बलिया) क्षेत्र के पचरूखा देवी के मंदिर के पीछे लगे जंगला की ग्रिल को पेचकश नट से खोल कर अज्ञात चोरों द्वारा बुधवार की रात लाखों रूपए मूल्य की चांदी की तीन छत्तर (झूमर) चुरा लिया गया। गुरुवार की सुबह पुजारी नारायण दास मंदिर का आगे का दरवाजा खोल कर अंदर घुसे तो पीछे की जंगला का ग्रिल खुला देख अवाक रह गए। छत की ओर देखें तो मंदिर में ऊपर लगा चांदी की तीन छत्तर (झूमर) गायब था। उनके द्वारा इसकी सूचना प्रबंधक सतीश सिंह उर्फ लाल साहब को दी गई। सतीश सिंह द्वारा डायल 112 पुलिस को सूचना देने के बाद थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह मौके पर पहुंच कर घटना के बाबत अलग अलग लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष की सुचना पर फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई।
संयोग से मंदिर में लगा सीसीटीवी कैमरा दो सप्ताह पहले से खराब था। सतीश सिंह ने बताया कि दस वर्ष पहले भी दो तीन बार मां की चांदी की मुकुट की चोरी हो चुकी है। तीनों छत्तर (झूमर) क्रमशः रानीगंज निवासी जितेंद्र सर्राफ,नगर पंचायत रेवती के अध्यक्ष प्रतिनिधि कनक पांडेय, सहतवार के अध्यक्ष प्रतिनिधि नीरज सिंह गुड्डू द्वारा अलग अलग मंदिर में चढ़ाया गया था।
इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि छत्तर (झूमर) को अलग अलग लोगों द्वारा चढाया गया था। इस कारण अभी वजन व क़ीमत का सही आकलन नही किया जा सकता है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट पुनीत केशरी


No comments