मिलेट्स महोत्सव में सांवा की खीर प्रथम, मड़ुआ की इडली दूसरे स्थान पर
बलिया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत शनिवार को ऑफिसर्स क्लब में मिलेट्स महोत्सव एवं रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 11 प्रतिभागियों ने श्रीअन्न से तैयार विभिन्न व्यंजन प्रस्तुत किए। निर्णायक समिति ने स्वाद, गुणवत्ता और प्रस्तुति के आधार पर मां गायत्री स्वयं सहायता समूह बहादुरपुर की शारदा देवी की सांवा की खीर को प्रथम, शक्ति स्वयं सहायता समूह चंदुकी की लालसा देवी की मड़ुआ इडली को द्वितीय और सशक्ति आजीविका स्वयं सहायता समूह बरवां हनुमानगंज की शकुन्तला शर्मा के बाजरे के लड्डू को तृतीय स्थान दिया।
मिलेट्स के पोषण एवं गुणों पर आयोजित जागरूकता प्रतियोगिता में रणजीत कुमार यादव प्रथम, अधिराज सिंह द्वितीय और सोनाली पाठक तृतीय रहे। विजेताओं को सम्मानित किया गया। महोत्सव में उद्यान, मत्स्य, पशुपालन और गन्ना विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, प्रतिनिधि परिवहन राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष अभिजीत कुमार तिवारी समेत बड़ी संख्या में किसान और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। संयोजन उप कृषि निदेशक मनीष कुमार सिंह ने किया।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी


No comments