ईंट भट्ठे के तालाब में मिला महिला का शव, इलाके में मची सनसनी
मनियर बलिया। नगर पंचायत मनियर स्थित बुढ़वा बाबा के स्थान के पास एक ईंट भट्ठे की खुदाई से बने तालाब में रविवार को करीब 25 से 30 वर्षीय महिला का शव करीब 11 बजे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार को दोपहर करीब 11 बजे तालाब में शव उतराया हुआ देखकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी। शव मनियर कस्बे के बुढ़वा ब्रह्म स्थान से नवका ब्रह्म स्थान के पास जाने वाले मार्ग के किनारे तालाब में मिला।
मृतका ने काले रंग की समीज और लाल रंग की सलवार पहन रखी थी। उसके दोनों हाथों में हरे रंग की दो-दो चूड़ियां, पैरों में पायल तथा गले में लॉकेट था। मांग में सिंदूर लगा होने के कारण उसके शादीशुदा होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला पिछले करीब दो-तीन महीने से बुढ़वा ब्रह्म स्थान स्थित धर्मशाला में रह रही थी। वहां रहने वाले यात्रियों के अनुसार महिला ने खुद को मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र की रहने वाली बताया था। महिला को मिर्गी की बीमारी भी थी।बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब आठ बजे महिला ने एक दुकानदार के मोबाइल फोन से अपने घर पर बातचीत की थी। बातचीत के दौरान उसने कथित रूप से अपनी मां से बात कराने को कहा और कहा कि, "मैं जिंदा हूं, लेकिन मुझे मरा ही समझो। मैं मर चुकी हूं।" इसके बाद कुछ समय बाद उसका शव तालाब में मिलने से मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
धर्मशाला में रहने वाले अन्य तीर्थयात्रियों ने पुलिस को बताया कि महिला की मां नवरात्र के दौरान वहां आई थीं और बाद में उसे वहीं छोड़कर चली गई थीं।
थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला के परिजनों से संपर्क हो चुका है और वे मऊ से रवाना हो चुके हैं। महिला की पहचान बेबी चौहान पुत्री प्रेमचंद चौहान ग्राम खरौंदा, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रिपोर्ट - मनु तिवारी


No comments