बाइक और चारपहिया वाहन की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर
मनियर (बलिया)। क्षेत्र के रानीपुर मौजे में सोमवार को पेट्रोल पंप के पास बाइक और चारपहिया वाहन की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के अंबडरिया गांव निवासी छोटू राजभर (18) और अजय राजभर (20) बाइक से मनियर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रानीपुर मौजे में पेट्रोल पंप के पास मनियर की तरफ से आ रहा एक चारपहिया वाहन मुड़ रहा था। तभी बाइक और चारपहिया वाहन के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रिपोर्ट : मनु तिवारी


No comments