संविधान के आदर्शों से गूंजा विद्यालय परिसर, विद्यार्थियों ने जाना निर्माण का इतिहास
छपरा (जलालपुर)। उच्च माध्यमिक विद्यालय देवरिया सह उत्क्रमित मध्य विद्यालय देवरिया हसुलाही के प्रांगण में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अभिलाषा कुमारी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी प्रस्तावना, मूल सिद्धांतों और संविधान निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों को संविधान सभा के अन्य प्रमुख सदस्यों, विशेषकर डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान के बारे में भी बताया गया।
शिक्षक दुर्गेश पांडेय ने संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा विभाग के निर्देश के तहत विद्यालयों में संविधान की प्रस्तावना का पाठ, संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव आंबेडकर और डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान पर चर्चा तथा संविधान के मूल सिद्धांतों पर आधारित रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना और देश के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना है।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। संविधान दिवस के अवसर पर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता समझाते हुए उसके आदर्शों का पालन करने का संदेश दिया गया।
रिपोर्ट त्र्यंबक पांडेय गांधी


No comments