Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

मानों फलक से उतर आये सितारे जमीं पें


बलिया। दीपावली की पूर्व संध्या पर वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम दीपों से जगमगा उठा। पूरे स्टेडियम में चारों तरफ एक साथ जलाए गए दीप काफी आकर्षक रूप में दिखे। खिलाड़ियों ने अपने-अपने पसंदीदा खेल से संबंधित झांकी और रंगोली बनाकर उस पर दीप जलाए। महा दीपोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन कर किया गया। स्टेडियम के खिलाड़ियों के सहयोग से एक साथ चारों तरफ दीप जलाए गए, जिसे वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने बड़े उत्साह से देखा।
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने पूजन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दी और इसके महत्व को बताया। इसके बाद समस्त अधिकारियों ने पूरे स्टेडियम में घूमकर रंगोली और सजावट को देखा। वॉलीबॉल कोर्ट में बनी झांकी को सभी ने सराहा और वहां गणेश पूजन भी किया।इस अवसर पर एसडीएम सिकन्दरपुर अन्नपूर्णा गर्ग, एसडीएम रसड़ा विपिन जैन, वरिष्ठ कोषाधिकारी ममता सिंह, खेड़ा अधिकारी अतुल सिन्हा, डीडीओ शशिमौलि मिश्र, नगर पालिका चेयरमैन अजय कुमार, अधिशासी अधिकारी दिनेश विश्वकर्मा, बीडीओ हनुमानगंज राजेश यादव, बीडीओ दुबहर कपिलदेव, नीरज राय समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।


पटाखा बाजार में रही धूम

बलिया। दीपावली की पूर्व संध्या पर जिले के हर गांव व कस्बे जगमग हो गये। आकर्षक लाइटों व झालरों से लोगों ने घरों को रोशन कर दिया है। रामलीला मैदान स्थित पटाखा बाजार में खरीददारी के लिए भीड़ जुटी रही। पटाखा बाजार में कुल पैसठ दुकानें जिला प्रशासन द्वारा लगवायी गयी थी। दोपहर बाद से ही बाजारों में लोगों की भीड़ बढ़ गयी थी। देर शाम तक बाजार में चहल पहल बनी रही। दीपावली पर्व पर आतिशबाजी न हो, ऐसा कैसा सम्भव है।  हालांकि इस बार चाइनिज पटाखें बाजार में बहुत ही कम दिख रहे है। पटाखा खरीदने के लिए सुबह से लोगों की भीड़ उमड़ी। पटाखा बाजार में किसी अप्रिय घटनाओं से बचने के लिए वहां पर्याप्त मात्रा में पानी, बोरी में बालू व फायर ब्रिगेड गाड़ी की व्यवस्था भी पुलिस प्रशासन द्वारा करायी गयी है।

दुकानदारों से की वसूली

बलिया। पुलिस प्रशासन द्वारा इस वर्ष भी पटाखा दुकानदारों का शोषण किया गया। पुलिस प्रशासन ने पटाखा बाजार में लगी सभी दुकानों पर से आला अधिकारियों के नाम पर पटाखा वसूली करते दिखायी दियें। दुकानदारों से अधिकारियों को उपहार स्वरूप पटाखा दिये जाने के नाम पर पुलिस प्रशासन ने पटाखों की वसूली की।

मंहगाई से बेजार हुए पटाखें

बलिया। रामलीला मैदान के पटाखा व्यापारी बिट्टू पटेल ने बताया कि इस वर्ष दीपावली का सबसे महंगा पटाखा दस हजार पटाखों की एक चटाई है। जिसकी कीमत छ: हजार करीब निर्धारित की गयी है। इसके साथ ही चौबीस हजार साठ मेगाफोन नामक आशमानी राकेट भी लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना है। जिसकी कीमत अड़तालीस सौ रूपये के करीब है।  

शहीद के परिजनों संग मनाई छोटी दीपावली

बलिया। भाजयुमों के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश के आवाहन पर छोटी दीपावली के दिन कार्यकर्ताओं द्वारा शहीदों के आवास पर दीप प्रज्जवलित किया गया। इस क्रम में कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष पीयूष चौबे के नेतृत्व में दुबहड़ गांव में उरी हमले में शहीद हुए आरके यादव के आवास पर दीप जलाकर परिजनों से सप्रेम भेंट किया। भाजयुमों प्रदेश कार्य समिति के सदस्य अखिल चतुर्वेदी ने कहा कि शहीद के इस परिवार में देश के लिए कुर्बानी दी है। भाजयुमों जिलाध्यक्ष ने कहा कि दीपावली का पावन त्यौहार हमारी महान और समृद्धि भारतीय संस्कृति का प्रतिबिम्ब है।इस अवसर पर अमित सिंह तोमर, धरम भारती, अंकुर उपाध्याय, सोनू मद्धेशिया, शशांक शेखर त्रिपाठी, अनूप वर्मा, विशाल शुक्ला, विवेक सिंह, अभिषेक सिंह, भोला यादव, चन्दन यादव, जितेन्द्र सिंह, राज तिवारी आदि उपस्थित रहे।
.

चेयरमैन ने किया दीपदान

सिकन्दरपुर(बलिया)दीपावली के उपलक्ष्य में नगर पंचायत के तत्वाधान में शुक्रवार की शाम को नगर के चतुर्भुजनाथ पोखर पर दीपदान का कार्यक्रम आयोजित किया गया,जिसमें काफी संख्या में लोगों ने भाग लिया।दीपदान कार्यक्रम का शुभरम्भ उपजिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। ततपश्चात मौजूद नगर पंचायत के चेयरमैन डॉ. रविन्द्र प्रसाद वर्मा,ब्यापारी नेता प्रयाग चौहान, लालबचन शर्मा आदि प्रमुख लोगों ने भी सैकड़ों की संख्या में दीप जलाया।जिससे पोखरा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।अधिशासी अधिकारी संजय कुमार राव, जितेंद्र उर्फ जीतन पाण्डेय, लालबचन तिवारी, दद्दन पाण्डेय, अताउल्लाह खां, पवन कुमार वर्मा, सुनील वर्मा, अशोक रावत, इरशाद, मुन्नाआदि मौजूद रहे।


By-Ajit Ojha/SK Sharma

No comments