जानें क्यों उपजा ग्राम सभा और पीडब्लूडी के अधिकारियों के बीच विवाद, पहुँची पुलिस
रतसर (बलिया) । विकास खण्ड गड़वार क्षेत्र के बहादुरपुर कारी ग्राम सभा में नाली निर्माण को लेकर ग्राम सभा एवं पीडब्लूडी के अधिकारियों के बीच उपजे विवाद के कारण बीडीओ के आदेश पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर काम ठप करा दिया।
बताते चले कि ग्राम सभा बहादुरपुर कारी में ग्राम सभा की बैठक कर उक्त नाले के निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। उक्त कार्य के लिए बजट भी ग्राम सभा में आ गया और ग्राम प्रधान ने कार्य शुरू करा दिया गया। कार्य शुरू होने के बाद गांव के ही रविन्द्र यादव ने एक शिकायती पत्र उप जिलाधिकारी अश्वनी कुमार श्रीवास्तव के यहां दिया। उक्त शिकायत पर जांच के लिए पीडब्लूडी के जेई को नामित कर गांव में जांच करने के लिए भेजा। जहां जेई एवं ग्रामीणों के बीच निर्माण को लेकर नोकझोक हुई और जेई वापस लौटकर जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दी। पुनः रविन्द्र यादव ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से किया। मामला को संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी को आदेश दिया। खण्ड विकास अधिकारी श्री विनोद कुमार त्रिपाठी ने काम रुकवाने के लिए गड़वार थाने पर सूचना दिया । थाना से उपनिरीक्षक औरंगजेब एवं पुलिस चौकी रतसर प्रभारी रामअवध राम ने नाले निर्माण कर रहे मजदूरों को मना करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। ग्राम प्रधान हरिनारायण पासवान का कहना है कि उक्त नाले का निर्माण हम अपने ग्राम सभा की जमीन में करा रहे है। यह सड़क कभी भी पीडब्लूडी के मद से नही बना है। जो सड़क पीडब्लूडी से पास है वह सड़क नाले निर्माण तक नही आ रहा है। जबकि पीडब्लूडी के जेई का कहना है कि 1998 में अम्बेडकर गांव के तहत उक्त सड़क का निर्माण कराया गया था। और इस पर सीसी रोड बनाने के लिए विभाग से बजट पास हो चुका है। मैटरियल भी गिराया जा चुका है। विभाग की सड़क में नाले का निर्माण नही हो सकता। ग्राम सभा चाहे तो बगल से नाला निर्माण करा सकता है। इस बावत खण्ड विकास अधिकारी ने बताया कि सड़क जब पीडब्लूडी से पास है तो उस पर ग्राम सभा काम नही करवा सकती है। शिकायतकर्ता रविन्द्र यादव ने बताया कि नाले का पानी का आगे तरफ कहीं निकास न होने के कारण पूरे गांव का पानी हमारे दरवाजे पर आकर गिरेगा।
रिपोर्ट : धनेश पांडेय


No comments