Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

26 फरवरी का मौसम पूर्वानुमान: पटना, गया समेत बिहार, ओड़ीशा, और पश्चिम बंगाल में जारी रहेगी बारिश





नई दिल्ली । पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत पर बारिश का मौसम जारी है। और 26 फरवरी को भी जारी रहेगी क्योंकि यहाँ बने सिस्टम अभी सक्रिय हैं। पटना, गया, नवादा, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, जमुई, बांका और कटिहार समेत बिहार में अगले 24 घंटों तक बारिश की उम्मीद है। इसी तरह पश्चिम बंगाल और ओडिशा के भी कई जिलों में गरज के साथ अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है।

झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश में कुछ कमी आ जाएगी। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा अगले 24 घंटों तक हो सकती है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड और मणिपुर में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के ऊपरी हिस्सों में बर्फबारी भी संभव है।

मध्य भारत में मौसम अब साफ होने लगेगा। पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में हो रही वर्षा की गतिविधियां कम हो जाएंगी। बारिश में कमी के साथ इन भागों में दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाएगा। महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएँ चलेंगी।

उत्तर भारत में फिलहाल उत्तर-पश्चिम से शुष्क पछुआ हवाएँ चलती रहेंगी। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश में शुष्क मौसम रहेगा। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

उत्तराखंड के कुछ स्थानों पर अलग-अलग हल्की बारिश कल भी हो सकती है।दक्षिण भारत में उत्तरी-तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की उम्मीद है। तेलंगाना, रायलसीमा, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में बारिश के आसार बहुत कम हैं। हालांकि चेन्नई दक्षिणी तमिलनाडु और केरल में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। बंगलुरु और हैदराबाद में मौसम ज्यादातर शुष्क होगा। तेज़ धूप खिली रहेगी।



रिपोर्ट : डेस्क

No comments