जल निगम का पाइप फूट जाने से जलजमाव, जनता की बढ़ी परेशानी
सुखपुरा(बलिया) : जल निगम के स्थानीय केंद्र द्वारा जमीन के अंदर बिछाई गई पाइप गुदरी बाजार में फूट गई है जिसके कारण सड़क से लगायत बाजार में जल जमा हो गया है।इससे दुकानदारों और ग्राहकों के साथ बाजार से होकर आने जाने वालों को तमाम तरह की दुश्वारयों का सामना करना पड़ रहा है।यही नहीं जलजमाव के कारण जलजमाव का गंदा पानी फूटे पाइप से होकर लोगों के घरों में पहुंच रहा है जिसके चलते संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।उपभोक्ताओं के बार-बार निवेदन के बाद भी फूटे पाइप का मरम्मत नहीं किया जा रहा है जिससे उपभोक्ता आक्रोशित हैं।लोगों को स्वस्थ पेयजल मुहैया कराने के लिए कस्बे में बरसों पहले जल निगम द्वारा यहां पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसी पाइपलाइन के सहारे लोगों के घरों में पीने का पानी पहुंचता है।अब जब कभी कहीं पाइप टूटता है तो टूटे हुए पाइप के सहारे लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंचता है जो पीने लायक नहीं रहता।ऐसे में कस्बे के उपभोक्ताओं ने एक बार पुनः जल निगम के आला अधिकारियों से टूटे गए पाइप का तत्काल मरम्मत कर लोगों को स्वच्छ पेयजल मुहैया कराने एवं बाजार में व्याप्त गंदगी को दूर करने की मांग की है।
रिपोर्ट : अनिल सिंह


No comments