Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

सात फेरों में लॉकडाउन ने डाली अड़चन तो बारात लेकर दूल्हे के घर पहुँच गई दुल्हन


मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बुधवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। लॉकडाउन के उलंघन के डर से जब दूल्हे ने बारात लेकर ससुरालन जाने में असमर्थता जताई तो दुल्हन खुद अपने परिवार के पांच लोगों के साथ अपनी ससुराल पहुंच गई। यह देख दूल्हे के घर वालों ने सभी का स्वागत किया और मंदिर में दोनों नवदंपतियों ने भगवान महादेव को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। इस शादी की खास बात ये रही कि दूल्हे पक्ष ने कोई दान दहेज लड़की पक्ष से नहीं लिया। फेरे होने के बाद मंदिर से ही विदा होकर दुल्हन अपनी ससुराल चली गई।
सज गया था मंडप, बंट गए थे कार्ड
श्रद्धापुरी निवासी नरेंद्र सिंह ने अपने बेटी निकिता की शादी करीब चार महीने पहले दौराला कस्बा निवासी सोनू अहलावत पुत्र ब्रजमोहन के साथ तय की थी। शादी की तारीख 15 अप्रैल तय की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे ‌देश में 14 अप्रैल तक लॉकडाउन कर रखा था। ऐसे में 15 अप्रैल को लॉकडाउन खुलने की आस में दोनों ही घरों में शादी की तैयारियां चल रही थी। शादी के लिए मंडप, बैंड बाजा, हलवाई आदि भी बुक कर दिए गए थे। लेकिन जब प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन को बढ़ाकर 3 मई कर दिया तो दोनों ही परिवार मुश्किल में आ गए। दूल्हा पक्ष शादी की तारीख आगे बढ़ाने की बात करने लगा लेकिन दुल्हन तय समय पर ही शादी की बात करने लगी। दूल्हे पक्ष ने बारात लेकर आने में असमर्थता जतायी तो बुधवार को तय समय पर दुल्हन खुद ही अपने परिवार के पांच लोगों की बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंच गई।



मंदिर में विधि विधान से हुई शादी।

दुल्हन अपने साथ माता-पिता, मामा व बहन को ले गई
दुल्हन निकिता अपने साथ अपने माता-पिता के अलावा मामा और बहन को लेकर दूल्हे के घर पहुंची। जहां उनका दूल्हे पक्ष ने स्वागत किया। उसके बाद तय हुआ कि मंदिर में आज ही दोनों के फेरे करा दिए जाएं। जिसके बाद लड़का और लड़की पक्ष मटौर गांव के दौराला मार्ग स्थित झारखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर के पुजारी ने मंत्रोच्चारण के बीच सभी रीति रिवाज से दोनों की शादी संपन्न कराई।
मेरठ में कोरोना के 65 संक्रमित
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर गुरुवार सुबह 748 हो गई। गुरुवार को कोरोना के 21 नए मरीज सामने आए हैं। उन्नाव में भी पहला मरीज सामने आया है। लखनऊ में दो जबकि आगरा में 18 नए मरीज़ आए हैं। अब आगरा में 167 मरीज, मेरठ में 65, लखनऊ में 77 व 447 मरीज जमात से प्रदेश में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 748 पहुंच गई है। अब तक कोरोना से मेरठ, बस्ती, वाराणसी, लखनऊ, बुलन्दशहर, कानपुर में 1-1, मुरादाबाद जिले में 2 व आगरा में 5 व कोरोना से अब तक कुल 13 मौतें हुईं हैं। अभी तक प्रदेश 57 मरीज सही होकर घर जा चुके हैं। वहीं पॉजिटिव मरीजों में तब्लीगी जमात के 447 हैं।



डेस्क

No comments