बलिया में भृगु बाबा के नाम पर बनेगा मेडिकल कॉलेज, भृगु कॉरिडोर भी होगा विकसित: मुख्यमंत्री योगी
बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री बांटी, मुख्यमंत्री ने कहा—बलिया की अपनी अलग पहचान, माफियाराज खत्म होने से बहन-बेटियां और व्यापारी सुरक्षित
रेवती(बलिया)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि बलिया में भृगु बाबा के नाम पर शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा। इसके लि
ए धनराशि भी जारी हो चुकी है। इसके साथ ही भृगु कॉरिडोर का भी निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बांसडीह तहसील क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिया महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी जयप्रकाश नारायण की धरती है। उन्होंने भारत में लोकतंत्र को बचाने की अगुवाई की थी। वर्ष 1942 में चित्तू पांडेय के नेतृत्व में बलिया आजाद हुआ था। उन्होंने कहा कि बलिया के लोगों की अपनी अलग पहचान है। यहां के लोग देश-दुनिया में जहां भी जाते हैं, अपनी पहचान बना लेते हैं।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा
मुख्यमंत्री ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को तीन दिन तक परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार अच्छी हो तो कार्य भी अच्छे होते हैं।
उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और विधायक केतकी सिंह को क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास करने पर बधाई दी।
माफियाराज खत्म, सुरक्षित महसूस कर रहे लोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से माफियाओं का राज खत्म कर दिया गया है। आज बहन-बेटियां और व्यापारी खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कानून का राज मजबूत हो और हर व्यक्ति को सुरक्षा का भरोसा मिले।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने सदर तहसील के साथ ही बैरिया और बांसडीह तहसील क्षेत्रों में गंगा और सरयू से प्रभावित बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण किया। करीब डेढ़ बजे वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से संवाद किया और लाभार्थियों को राहत सामग्री वितरित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़, कटान, आग लगने, आकाशीय बिजली गिरने, सर्पदंश अथवा जंगली जानवरों के काटने से दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु होने पर प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से अलग-अलग मामलों में चार से पांच लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।
कार्यक्रम को विधायक केतकी सिंह और पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने आभार व्यक्त किया।
इस दौरान जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के राज्यमंत्री दानिश अंसारी, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, एमएलसी रविशंकर सिंह पप्पू, विधायक हंसूराम, महिला कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव, पूर्व सांसद भरत सिंह, पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी व आनंद स्वरूप शुक्ल, नारद राय, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान, सुरेंद्र सिंह और संजय यादव मौजूद रहे।
डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत जनपद के तमाम आला अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
रिपोर्ट# पुनीत केशरी





No comments