शनिचरा बाबा पूजन समारोह में उमड़ी आस्था की भीड़, मनमोहक झांकियों ने बांधा समां
मनियर (बलिया)। भाद्र मास के कृष्ण पक्ष के प्रथम शनिवार को मनियर उत्तर टोला स्थित शनिचरा बाबा के स्थान पर आयोजित वार्षिक पूजन समारोह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाबा के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। तुरैहा समाज की ओर से विधि-विधान से शनिचरा बाबा का पूजन किया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिचरा बाबा के स्थान की स्थापना करीब 150 वर्ष पूर्व हुई थी। मान्यता है कि सरयू नदी में आई बाढ़ के दौरान नेपाल की ओर से एक शिला बहकर मनियर क्षेत्र में पहुंची थी। लोगों ने उसे उठाकर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन शिला नहीं उठी। बताया जाता है कि तुरैहा समाज के सरजू तुरहा ने किसी तरह शिला को उठा लिया, लेकिन वर्तमान मंदिर स्थल पर पहुंचते ही वह दोबारा नहीं उठ सकी। उसी रात स्वप्न में शिला को इसी स्थान पर स्थापित कर पूजा करने का संदेश मिलने की मान्यता है। इसके बाद शिला को इसी स्थान पर स्थापित कर पूजा-अर्चना शुरू की गई। तभी से इसे शनिचरा बाबा के रूप में पूजा जाता है।
समाज के लोगों में मान्यता है कि बिच्छू, हाड़ा आदि जहरीले जंतुओं के काटने पर शनिचरा बाबा के स्थान पर पहुंचकर पूजा करने से विष का प्रभाव समाप्त हो जाता है। हालांकि यह स्थानीय लोक आस्था और धार्मिक मान्यता है।
पूजन समारोह के दौरान शनिचरा बाबा शिक्षा सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए रोआब्जा शरबत का स्टॉल लगाया गया। इसमें डॉ. विनय कुमार तुरैहा, डॉ. विजय शंकर और ललन प्रसाद तुरैहा का विशेष सहयोग रहा।
शंकर-पार्वती और राधा-कृष्ण की झांकियों ने मोहा मन
शनिचरा बाबा पूजन समारोह के अवसर पर मनियर परशुराम स्थान पर भी भव्य झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पराग तुरैहा, सुधीर तुरैहा, राजन तुरैहा, कमलेश तुरैहा और पप्पू भाई के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक भगवान पाठक ने राधा-कृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। समिति की ओर से अतिथियों और वाराणसी से आए कलाकारों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
वाराणसी से पहुंचे बाबा काली आर्ट्स झांकी ग्रुप के कलाकारों ने शंकर-पार्वती और राधा-कृष्ण पर आधारित गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी झांकियों और कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनय तुरैहा ने किया।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र नाथ त्रिपाठी, युवा संगठन अध्यक्ष गोपाल जी, सपा नेता धर्मेंद्र मणिक, वार्ड नंबर सात के सभासद अभय कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : मनु तिवारी



No comments