शौच के लिए गई युवती की पोखरे में डूबने से मौत, परिजनों में मचा कोहराम
गड़वार (बलिया)। थाना क्षेत्र के बहादुरपुर कारी गांव में रविवार सुबह पोखरे में डूबने से 23 वर्षीय युवती की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार बहादुरपुर गांव निवासी अर्जुन राम की 23 वर्षीय पुत्री डिम्पल रविवार सुबह करीब छह बजे शौच के लिए घर से दक्षिण दिशा में स्थित पोखरे के पास गई थी। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोगों ने पोखरे में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद युवती को पानी से बाहर निकाला गया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता अर्जुन राम ने बताया कि बेटी की शादी की तैयारी की जा रही थी। बेटी की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
रिपोर्ट : डी. पाण्डेय


No comments