रागिनी की पुकार पर एक किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे डीएम
ट्राईसाइकिल और पढ़ाई का सामान देकर बोले- खूब पढ़ो
मनियर (बलिया)। एक पैर के सहारे 400 मीटर कूद-कूदकर स्कूल जाने वाली सात वर्षीय रागिनी की पीड़ा जब खबरों के जरिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह तक पहुंची तो बुधवार को वह खुद उससे मिलने पहुंच गए। मनियर-बलिया मार्ग पर वाहन छोड़कर जिलाधिकारी करीब एक किलोमीटर तक कीचड़ और जर्जर रास्ते पर पैदल चलकर रागिनी के घर पहुंचे। बूंदाबांदी के बीच डीएम को अपने दरवाजे पर देख परिवार और ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
बुधवार को वह मनियर ब्लॉक के
ग्राम पंचायत रानीपुर मौजे में रागिनी के घर पहुंचे। उन्होंने रागिनी को दो ट्राईसाइकिल, कॉपी-किताब, पढ़ाई की सामग्री, खेलकूद का सामान, चॉकलेट समेत अन्य वस्तुओं की किट दी।
सामान मिलने के बाद रागिनी काफी खुश नजर आई। डीएम ने उससे पूछा कि उसे और कुछ चाहिए तो रागिनी ने मासूमियत से कहा, “नहीं।” इसके बाद जिलाधिकारी ने पूछा कि पढ़-लिखकर क्या बनना चाहती हो? रागिनी ने तपाक से जवाब दिया, “डॉक्टर।” उसकी बात सुनकर डीएम भी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि बच्ची बेहद होनहार है और भविष्य में काफी आगे बढ़ेगी।
000
‘डीएम अंकल, मत जाइए...’
रागिनी से बातचीत के बाद जब जिलाधिकारी वहां से जाने लगे तो बच्ची भावुक हो गई। उसने डीएम से कहा, “नहीं, मत जाइए।” रागिनी की यह बात सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
डीएम ने रागिनी की मां बबीता से उसके पैर के बारे में जानकारी ली। मां ने बताया कि रागिनी करीब छह माह की थी, जब उसे इलाज के लिए बलिया ले जाते समय रास्ते में दुर्घटना हो गई। हादसे में उसका पैर टूट गया। इसके बाद मऊ तक उसका इलाज कराया गया। परिवार ने बेटी के इलाज में करीब चार लाख रुपये खर्च कर दिए। मां ने बताया कि बेटी के इलाज के लिए उसने अपने शरीर के सारे गहने तक बेच दिए, लेकिन डॉक्टरों ने बाद में पैर ठीक न होने की बात कही। इसके बाद आर्थिक रूप से टूट चुका परिवार इलाज आगे नहीं करा सका।
000
घर और सड़क की भी सुधरेगी तस्वीर
जिलाधिकारी ने परिवार की आर्थिक और आवासीय स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्रता के अनुसार आवास दिलाने का आश्वासन दिया। गांव की जर्जर सड़क को लेकर प्रधान सचिव और बीडीओ को एस्टीमेट तैयार कर भेजने का निर्देश दिया। रागिनी के घर से स्कूल तक जाने वाले रास्ते को प्राथमिकता से ठीक कराने को कहा।
शौचालय नहीं बनने की जानकारी पर डीएम ने अधिकारियों से पूछताछ की। बताया गया कि इसके लिए धनराशि मिल चुकी है और जल्द ही निर्माण कराया जाएगा।
पैर की जांच के बाद हायर सेंटर भेजी जाएगी रागिनी
रागिनी के पैर के इलाज को लेकर डीएम ने सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय से जानकारी ली। उन्होंने बच्ची की जांच कराने के बाद जरूरत के अनुसार हायर सेंटर भेजने के निर्देश दिए। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि पैर काफी समय से खराब होने के कारण सामान्य रूप से जोड़ना संभव नहीं लग रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पीएचसी मनियर के प्रभारी डॉ. दिग्विजय कुमार को बच्ची को वाहन से बलिया ले जाकर जांच कराने की जिम्मेदारी दी गई।
जिलाधिकारी ने गांव में अन्य दिव्यांगजनों के बारे में भी जानकारी ली और उनके संबंध में रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
खबर पढ़कर सूरत से मदद को आगे आए आनंद
रागिनी की कहानी पढ़कर गुजरात के सूरत में वोल्टा ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में कार्यरत जौनपुर निवासी आनंद उपाध्याय ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने अखंड भारत समाचार से दूरभाष पर बातचीत में कहा कि रागिनी के इलाज और उसकी जरूरत की हर चीज के लिए वह मदद करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि परिवार जहां भी उसका इलाज कराना चाहे, इलाज में जितना भी खर्च आएगा, वह वहन करने के लिए तैयार हैं।
000
‘रागिनी की पुकार खबरों में देखी तो मिलने चला आया’
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि रागिनी की पुकार उन्होंने खबरों के माध्यम से देखी तो उससे मिलने चले आए। उन्होंने कहा कि बच्ची का हरसंभव इलाज कराया जाएगा और उसकी वास्तविक जरूरत के अनुसार मदद की जाएगी।
इस दौरान सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, डीपीआरओ अवनीश कुमार श्रीवास्तव, बीडीओ मनियर शत्रुघ्न सिंह, पीएचसी प्रभारी डॉ. दिग्विजय कुमार, ग्राम पंचायत सचिव गिरीश कुमार पांडेय, प्रधान राजू प्रसाद समेत अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना था कि रागिनी की पीड़ा ने ही प्रशासन को गांव की टूटी सड़क तक पहुंचने के लिए मजबूर किया। अब रागिनी के लिए ट्राईसाइकिल के साथ इलाज, सड़क, आवास और पढ़ाई की सुविधाओं का रास्ता भी खुलता दिखाई दे रहा है।
रिपोर्ट मनु तिवारी






No comments