Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

भगवान परशुराम की प्रतिमा का अनावरण

 


रिपोर्ट : धीरज सिंह

- *बतौर मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्र हुए शामिल


- *हर हर महादेव व जय परशुराम से गुंजायमान हुआ पूरा क्षेत्र


बलिया: भगवान विष्णु के अवतार परशुराम जी की करनई गांव में शिव मंदिर में बनी भव्य प्रतिमा का अनावरण पूर्व कैबिनेट मंत्री व सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक मिश्र ने किया। इस अवसर पर हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले मंदिर में विद्वान ब्राह्मण समूह ने वैदिक-मंत्रोच्चार के साथ प्राण-प्रतिष्ठा का पूजन व हवन कराया। फिर दीप प्रज्ज्वलन, शंखनाद, हर हर महादेव व जय परशुराम की गूंज के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। 


बतौर मुख्य अतिथि अभिषेक मिश्र ने इस क्षण को उन्होंने गौरवशाली व सौभाग्यशाली बताया। कहा, बलिया ऋषि मुनियों की पौराणिक धरती है। यहां अनेक साहित्य, विज्ञान, राजनीति के क्षेत्र में विद्वान पैदा हुए। अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना व बगावत करना बलिया के खून में है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि हर जिले में परशुराम मंदिर बने। इसमें सबका सहयोग अपेक्षित है। पूर्व कैबिनेट मंत्री मिश्र ने कहा, भगवान परशुराम आज भी कलियुग में विचरण करते हैं। वह सात चिरंजीवियों में से एक थे और अनाचार के हमेशा खिलाफ रहते थे। चूंकि वह शिव के परम भक्त थे, लिहाजा ढाई सौ वर्ष से अधिक पुराने शिव मंदिर में ही उनकी प्रतिमा स्थापना और भी सौभाग्य की बात है।


कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सनातन पांडेय, तारकेश्वर मिश्र, पूर्व विधायक संग्राम यादव, पूर्व प्रधानाचार्य शत्रुघ्न पांडेय समेत अन्य वक्ताओं ने एकस्वर से समाज में अन्याय व कुरीतियों के खिलाफ मुखर होने व हर अच्छे कार्य में सहयोग की भावना का संकल्प लेने की आवश्यकता पर बल दिया। आयोजन हिमांशु त्रिपाठी ने अतिथियों व वहां मौजूद हजारों लोगों के प्रति आभार जताया। अध्यक्षता सेनानी रामविचार पांडेय व संचालन कान्ह जी पांडेय ने किया।


जिले भर से जुटे थे परशुराम भक्त


करनई में परशुराम जी की प्रतिमा अनावरण के अवसर पर जिले के हर कोने से परशुराम भक्तों का जुटान हुआ था। सबने परशुराम जी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर व चरण स्पर्श कर दर्शन-पूजन किया। इन अवसर पर संजय उपाध्याय, अनिल राय, ब्लॉक प्रमुख हनुमानगंज संजय तिवारी, दुबहड़ प्रमुख ज्ञानेंद्र राय गुड्डू, मृत्युंजय तिवारी बबलू, नपं चितबड़ागांव चेयरमैन केशरीनंदन त्रिपाठी, रेवती के पूर्व चेयरमैन रामेश्वर तिवारी, चंद्रशेखर उपाध्याय, जिपं सदस्य अनंत मिश्र, वीरेंद्र राय, विकेश सिंह सोनू, कांग्रेस नेता जैनेन्द्र पांडेय मिंटू, राजेश मिश्र, जमाल आलम सहित हजारों लोग मौजूद थे।


जोश व उत्साह के साथ हुआ स्वागत


बलिया जनपद की सीमा में प्रवेश के बाद ही पूर्व कैबिनेट मंत्री अभिषेक मिश्र का स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया। रतनपुरा में सपा नेता राणा प्रताप सिंह ने स्वागत किया। उसके बाद रसड़ा, चिलकहर, फेफना, सागरपाली, चित्तू पांडेय चौराहा, कुंवर सिंह, बहादुरपुर समेत दर्जनों जगहों पर सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ बड़े उत्साह से स्वागत किया। जीराबस्ती में सैकड़ों बाइक सवार कार्यकर्ता स्वागत कर कार्यक्रम स्थल तक ले गए।

No comments