Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

संगीत संध्या में सजा वसंत का राग, लय में छाया ऋतु का उल्लास


 


बलिया। शहर से सटी मोती नगर कालोनी लय और ताल का खूबसूरत समागम लिये शनिवार की शाम वासंती रंग में रंगी नजर आई। गायन में वसंत के स्वर शामिल थे तो साजों की संगत में वासंती जोश था। ऋतुराज के आगमन का पैगाम लिए शहर स्थित पंडित केपी मिश्र मेमोरियल विद्यालय के सुर साधकों ने गायन के जरिये न सिर्फ वसंत का स्वागत किया, बल्कि शास्त्रीय परंपरा का अनुसरण करते हुए माहौल में वासंती रंग घोल दिया। ताल और भाव दोनों ही पक्षों का ख्याल कलाकारों ने रखते हुए प्रस्तुतियां दी। 

वसंत पंचमी के अवसर पर मोती नगर कालोनी के लोगों द्वारा 'संगीत संध्या' का आयोजन किया गया। वसंतोत्सव पर आयोजित इस कार्यक्रम की शुरूआत बतौर मुख्य अतिथि हरिहरपुर घराने के पंडित राज कुमार मिश्र एवं विशिष्ठ अतिथि ओम प्रकाश यादव की मौजूदगी में विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-आराधना से हुई। इसके साथ ही सुर साधकों ने वंदना प्रस्तुत कर वीणा वादिनी का स्मरण किया। फिर देवांश ओझा ने तबला के जरिये गणेश वन्दना प्रस्तुत कर 'संगीत संध्या' का श्रीगणेश किया। कक्षा तीन की छात्रा वैष्णवी राय ने 'सजा दो घर को गुलशन सा, अवध में राम आये है।' प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। स्नेहा गुप्ता, पूजा मौर्य व अदिति ने संयुक्त रूप से 'घरवा में जनमें ली बिटिया, हृदय उमंग भइले हों...। और  समूह गान के जरिये महफिल को भावविभोर कर दी। स्नेहा गुप्ता के 'महीनवा फागुन के...' को भी खूब तालियां मिली। पूजा मौर्या ने 'ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी...' व स्नेहा गुप्ता ने 'आज जाने की जिद न करो...' से संगीत संध्या को सजा दी। अदिति मिश्रा के 'राग यमन' पर देवांश ओझा ने तबले पर संगत किया। वहीं, जिया ओझा ने 'कान्हा कान्हा आन पड़ी मैं तेरे द्वार...' पर लोग झूम उठे। विपूल ठाकुर ने श्रीकृष्ण को समर्पित रचना 'नन्दलाला कृष्ण मुरारी...' प्रस्तुत किया। हर्षिता और यश वर्धन त्रिपाठी ने भजन गाया। पं. राजकुमार मिश्र ने 'होली, कन्हैया घर चलो गुईया...' से बसंत का एहसास कराया। राष्ट्रीय स्तर के तबला वादक आकाश मिश्र ने तबले पर संगत दी। डॉ. कादम्बिनी सिंह की गजल को लोगों ने खूब सराहा। 'संगीत संध्या' में कलाकारों ने न केवल ऋतु की खूबसूरती, बल्कि उसके महत्व को भी रागमाला में पिरोया। वहीं, फागुनी गीतों पर रीना ओझा, डॉ. दिव्या त्रिपाठी, ममता यादव व निशा मिश्रा ने पुष्पवर्षा कर बसंत का स्वागत की। इस मौके पर केके सिंह, वीरेन्द्र सिंह, रविशंकर यादव, अनिल चौबे, दीनबंधु सिंह, सतीश ठाकुर, विजय सिंह, आनंद मिश्र, मनीष यादव, विनोद सिंह, राजेश सिंह, शार्दुल सिंह, रमेश यादव, वीरेश सिंह, जीऊत गिरी, अजीत श्रीवास्तव के साथ ही मोतीनगर कालोनीवासियों ने सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया। शिक्षक शशिकांत ओझा के आयोजकत्व में सम्पन्न 'संगीत संध्या' की अध्यक्षता धनराज सिंह व संचालन डॉ संजय कुमार त्रिपाठी तथा नलिन पांडेय ने किया।


रिपोर्ट - त्रयंबक नारायण देव गांधी

No comments