भागलपुर के जिलाध्यक्ष समेत अनुदेशकों ने मुख्यमंत्री की पत्नी से की मुलाकात
पूर्णकालिक दर्जे और सम्मानजनक मानदेय की मांग को लेकर सौंपा मांगपत्र
भागलपुर। शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों की विभिन्न मांगों को लेकर भागलपुर जिले के जिलाध्यक्ष समेत अनुदेशकों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पैतृक आवास लखनपुर, तारापुर (मुंगेर) पहुंचकर उनकी पत्नी ममता चौधरी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें मांगपत्र सौंपकर अनुदेशकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अनुदेशकों को वर्तमान में 16 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता है। कई बार मानदेय का भुगतान तीन-चार माह के अंतराल पर होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद अनुदेशक विद्यालयों में खेल गतिविधियों के संचालन के साथ मशाल और तरंग प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
अनुदेशकों ने बताया कि चुनाव ड्यूटी, जातिगत गणना, होमगार्ड बहाली समेत कई सरकारी कार्यों में भी उनकी जिम्मेदारी लगाई जाती है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के बावजूद उन्हें अंशकालिक व्यवस्था में रखा गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से अंशकालिक व्यवस्था समाप्त कर अनुदेशकों को पूर्णकालिक दर्जा देने और सम्मानजनक मानदेय निर्धारित करने की मांग की। ममता चौधरी ने उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में अभय मिश्रा, रविंद्र, सत्येंद्र, मृत्युंजय और संतोष समेत अन्य अनुदेशक शामिल रहे।
रिपोर्ट धीरज सिंह



No comments