Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

होमगार्ड भर्ती: बलिया में 13 से 26 अक्टूबर तक होगा 704 अभ्यर्थियों का मेडिकल



महिला अभ्यर्थियों के लिए 24 और 26 अक्टूबर की तारीख तय, मूल अभिलेख और पहचान पत्र लेकर पहुंचना होगा पुलिस लाइन




बलिया। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 के तहत चयनित 704 अभ्यर्थियों के चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया 13 से 26 अक्टूबर तक रिजर्व पुलिस लाइन, बलिया में पूरी कराई जाएगी। इसमें 564 पुरुष और 140 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। अभ्यर्थियों के कॉल लेटर जारी कर दिए गए हैं। महिला अभ्यर्थियों के लिए 24 और 26 अक्टूबर की तिथियां निर्धारित की गई हैं।

होमगार्ड्स के जिला कमांडेंट आयुष सिंह के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को कॉल लेटर में निर्धारित तारीख और समय पर उपस्थित होना होगा। साथ में सभी मूल अभिलेखों के अलावा प्रत्येक की एक स्वप्रमाणित छायाप्रति लानी अनिवार्य है। पहचान के लिए आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पासपोर्ट में से कोई एक मूल दस्तावेज और उसकी छायाप्रति भी साथ रखनी होगी।

अनुपयुक्त अभ्यर्थियों को अपील का मौका

चिकित्सा परीक्षण में अनुपयुक्त घोषित किए जाने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार मण्डलीय चिकित्सा परिषद, आजमगढ़ के समक्ष अपील करने का अवसर मिलेगा। इसके लिए अपील की प्रक्रिया उसी दिन पूरी करनी होगी।

पुलिस लाइन में परिजनों का प्रवेश प्रतिबंधित

चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस लाइन परिसर में अभ्यर्थियों के अलावा केवल स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और होमगार्ड्स विभाग के अधिकृत अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रवेश मिलेगा। अभिभावकों, परिजनों और अन्य अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विभाग ने अभ्यर्थियों से कॉल लेटर के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय पर पहुंचने की अपील की है।


रिपोर्ट त्रयंबक पांडेय गांधी

No comments