बैरिया में बेखौफ बदमाशों ने सरेराह विवाहिता का मंगलसूत्र छीना, क्षेत्र में दहशत
बलिया : बैरिया थाना क्षेत्र के तिवारी के मिल्की गांव में शनिवार की शाम बेखौफ बदमाशों ने सरेराह विवाहिता का मंगलसूत्र छीन लिया। घटना के बाद बदमाश फरार हो गये।
बता दें कि खुशबू सोनी पत्नी आशीष सोनी (निवासी मधुबनी थाना बैरिया) शनिवार को तिवारी के मिल्की स्थित अपने मायके आई थी। शाम को अपने बच्चों को चॉकलेट दिलाने के लिए गांव के एक दुकान पर जा रही थी। इसी बीच, बाइक से पहुंचे बदमाशों ने महिला को आतंकित कर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। महिला शोर मचाती, उससे पहले बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
घटना की तहरीर बैरिया थाने में दी गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। वही विवाहिता द्वारा बताए हुलिया के अनुसार एक युवक को पुलिस ने हिरासत में भी लिया, लेकिन पूछताछ में वह निर्दोष निकला। उसे छोड़ दिया गया। इस बाबत एसएचओ रामायण सिंह ने बताया कि छिनैती की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
By- Dhiraj Singh
.jpeg)

No comments