नाबालिग की फेसबुक आईडी हैक कर साइबर ठगों ने उड़ाए 53 हजार रुपये
आजमगढ़। साइबर अपराधियों ने एक बार फिर नई चालाकी दिखाते हुए नाबालिग लड़की को अपना शिकार बना लिया। ठगों ने फेसबुक आईडी हैक कर उसके बैंक खाते से 53,900 रुपये उड़ा लिए। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव निवासी निधि (नाबालिग) ने अपने मोबाइल नंबर से फेसबुक अकाउंट बनाया था। 11 और 12 अगस्त 2025 को साइबर अपराधियों ने उसकी फेसबुक आईडी हैक कर ली। इसके बाद ठगों ने यूनियन बैंक खाते से चार ट्रांजेक्शन करते हुए कुल 53,900 रुपये निकाल लिए।
रुपयों की निकासी की जानकारी होने पर पीड़िता ने तुरंत परिजनों को बताया और थाने पहुंचकर तहरीर दी। निधि ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसके मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
By- Dhiraj Singh




No comments