दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाए अपने-अपने दम, पूर्व बलिया केशरी राहुल ने जौनपुर के अरविन्द को चटाई धूल
रतसर (बलिया) स्थानीय कस्बा क्षेत्र के एकडेरवा, (बाराबांध) गांव में सोमवार को महावीर झंडा कार्यक्रम में दंगल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चार दर्जन से अधिक राज्य स्तरीय महिला एवं पुरुष पहलवानों ने प्रतिभाग किया तथा एक से बढ़कर दांवपेंच की आजमाइश किया। कुश्ती के रोमांचक मुकाबलों में बलिया के पहलवानों का दबदबा रहा। जिसमें पूर्व बलिया केशरी राहुल ने जौनपुर के पहलवान अरविन्द को पटखनी दी। वहीं गाजीपुर के अमित ने देवरिया के सुरज को परास्त किया। बलिया के बादल पहलवान ने झांसी के जितेन्द्र पहलवान को धूल चटा दी।बलिया के सोनू ने कानपुर के संतोष पहलवान को परास्त किया। गाजीपुर की महिला पहलवान रश्मि और आजमगढ़ के अंजली के बीच कुश्ती बराबरी पर रही। इसके पूर्व उत्तर-प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य कन्हैया पाण्डेय व प्रमुख उद्यमी सूर्य प्रकाश चौहान ने फीता काटकर दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कन्हैया पाण्डेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती को बढ़ावा दिए जाने हेतु कुश्ती प्रशिक्षण केन्द्र खोले जाने की आवश्यकता है। ताकि प्रतिभागियों को कुश्ती का प्रशिक्षण दिया जा सके। दंगल प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका बबलू पहलवान एवं उद्घोषक के रूप में हरिवंश पहलवान एवं रमेश पहलवान रहे। संचालक राकेश चौहान किया। इस अवसर पर अरविंद चौहान, जयमूरत चौहान, विनोद चौहान,कपिलदेव चौहान,भृगुनाथ चौहान आदि रहे। प्रधान प्रतिनिधि राजेश राजभर ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय



No comments