Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

आंगनबाड़ी कार्यकर्ती का बेटा लेफ्टिनेंट बना, गांव पहुंचते ही हुआ भव्य स्वागत

 


मनियर (बलिया)। मनियर ब्लॉक के अजनेरा गांव में शुक्रवार की शाम खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला, जब गांव के लाल अश्वनी सिंह सीडीएस परीक्षा में सफल होकर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे।


गांव में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया और सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस दौरान ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।



अश्वनी सिंह ने सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया 40वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने बताया कि उनकी प्रारंभिक पढ़ाई खेजुरी स्थित ग्रीन लांस पब्लिक स्कूल में हुई। कक्षा 6 तक गांव में पढ़ने के बाद उनके पिता सुनील सिंह उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रयागराज ले गए। वहां कक्षा 7 से लेकर ग्रेजुएशन तक की शिक्षा प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) यूनिवर्सिटी में पूरी हुई।


अश्वनी ने बताया कि ग्रेजुएशन अपीयरिंग के दौरान ही उन्होंने पहली ही कोशिश में सीडीएस परीक्षा पास कर ली। उन्होंने कहा—

“मेरी मां विभा सिंह का इमोशनल सपोर्ट और पिता सुनील सिंह का फिजिकल सपोर्ट मेरी सबसे बड़ी ताकत रहे। पिताजी मुझे पढ़ाने के लिए प्रयागराज ले गए, मेरे लिए खाना बनाते थे, जीवन के तौर-तरीके सिखाए। मेरी बहन अनुषा सिंह ने भी पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया।”


पिता सुनील सिंह ने भावुक होते हुए कहा—

“मैंने सिर्फ अपना कर्तव्य निभाया। बेटे ने अपना फर्ज निभाया। महादेव की कृपा से यह मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।”


ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह ने अश्वनी को गांव की ओर से शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए कहा—

“अश्वनी ने गांव का नाम रोशन किया है। हमारे युवाओं के लिए यह बड़ी प्रेरणा है।”


गांव में सम्मान समारोह के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल रहा। इस अवसर पर कमलदेव सिंह, हरेराम सिंह, कौशल सिंह, अनुपम तिवारी, अजीत सिंह, गंगा सिंह, आजाद सिंह, गणेश सिंह, प्रमोद सिंह, नमो नारायण तिवारी, सुमंत यादव, रविंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


रिपोर्ट– मनु तिवारी


No comments