जाने कहां हुआ विदाई समारोह, नम हुई आंखें, कभी खुशी कभी गम का रहा माहौल
बलिया : दुबहर राधाकृष्णा अकादमी के प्रांगण में सत्र 2025–26 के कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य, गरिमामय एवं भावनाओं से परिपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह अवसर विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी अत्यंत भावुक क्षणों से भरा रहा। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने पूरे समर्पण, स्नेह और उत्साह के साथ कार्यक्रम की तैयारी कर अपने सीनियर्स को यादगार विदाई दी।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती अनीता मिश्रा तथा मुख्य प्रबंध निदेशक श्री आदित्य नारायण मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत प्रस्तुत की गई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उल्लास, उमंग और भावनाओं से सराबोर कर दिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आकांक्षा मिश्रा ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों से कहा कि भले ही आज वे विद्यालय को अलविदा कह रहे हों, परंतु यहाँ से प्राप्त शिक्षा, संस्कार और अनमोल स्मृतियाँ जीवन भर उनके साथ रहेंगी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन सुश्री मधु तिवारी एवं श्री अनिमेष मोहन द्वारा किया गया। वरिष्ठ वर्ग के समन्वयक श्री विवेक सिंह ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके परिश्रम, आत्मविश्वास और उपलब्धियों की सराहना की।
परीक्षा नियंत्रक एवं पीजीटी कॉमर्स श्री अमित गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय अपने सपनों को साकार करने और संसार में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने का है, साथ ही उस विद्यालय को सदैव स्मरण रखने का, जहाँ उनकी सफलता की मजबूत नींव रखी गई।
समारोह के समापन अवसर पर विद्यार्थियों ने आपस में अपनी स्मृतियाँ साझा कीं और भावभीनी विदाई के साथ जीवन के एक नए अध्याय की ओर कदम बढ़ाया। यह विदाई समारोह सभी उपस्थितजनों के लिए अविस्मरणीय बनकर स्मृतियों में सदा जीवित रहेगा।
रिपोर्ट त्रयंबक पांडेय गांधी




No comments