रतसर सीएचसी का राज्य स्तरीय निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा
गड़वार (बलिया)। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसर में सोमवार को राज्य स्तरीय एसआरएम टीम ने तीन दिवसीय सघन निरीक्षण शुरू किया। टीम में डॉ. अजित कुमार सिंह एवं डीएचओ एल.बी. चौधरी शामिल रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का व्यापक आकलन करते हुए व्यवस्थागत सुधार पर जोर दिया।
एक सीएचसी, चार पीएचसी और 18 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण
दौरे के दौरान टीम ने एक सीएचसी, चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 18 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में चार उपकेंद्र जर्जर अवस्था में मिले, जिनकी तत्काल मरम्मत कर संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने ओपीडी संचालन, प्रसूति सेवाएं, टीकाकरण व्यवस्था, दवा उपलब्धता, लैब जांच, साफ-सफाई तथा अभिलेखों के रख-रखाव की बारीकी से समीक्षा की।
एनसीडी स्क्रीनिंग और मातृ-शिशु सेवाओं पर विशेष फोकस
आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर गैर-संचारी रोग (एनसीडी) की स्क्रीनिंग, नियमित स्वास्थ्य जांच और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रमों का अवलोकन किया गया। उपकेंद्रों पर एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों, गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, टीकाकरण रजिस्टर तथा परिवार नियोजन सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अजित कुमार सिंह और एल.बी. चौधरी ने स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद करते हुए साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पचखोरा के सीएचओ को उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहा गया, वहीं बेहतर कार्य करने वाले अन्य कर्मचारियों की भी प्रशंसा की गई।
अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। दौरे के अंत में टीम ने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए कुछ बिंदुओं पर सुधार के सुझाव दिए, ताकि आमजन को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर अधीक्षक डॉ. राकिफ अख्तर, बीपीएम आशुतोष सिंह, बीसीपीएम अनिल कुमार, बैम मनीष मेहरोत्रा, यूनिसेफ से प्रतीक राय, साधु शरण यादव, जितेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
— रिपोर्ट: डी. पाण्डेय


No comments