Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

मानदेय–कमीशन बढ़ोतरी की मांग को लेकर ईको गार्डन लखनऊ में कोटेदारों का विशाल प्रदर्शन

 



बलिया।उत्तर प्रदेश कोटेदार संघ के आह्वान पर मानदेय एवं कमीशन में बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को लखनऊ के ईको गार्डन में विशाल धरना–प्रदर्शन किया गया। यह धरना 28 जनवरी से 7 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर से सैकड़ों कोटेदार शामिल हो रहे हैं।

आजमगढ़ मंडल सहित बलिया जनपद से बड़ी संख्या में कोटेदारों ने प्रदर्शन में भाग लिया। बलिया कोटेदार वेलफेयर संघ के तत्वावधान में आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष आनंद सिंह (बलिया) ने किया। उनके साथ बैरिया ब्लॉक अध्यक्ष पवन सिंह, बेलहरी ब्लॉक से अनिल तिवारी, दुबहड़ से ओमप्रकाश पाण्डेय, रेवती से शिवजी पाठक, तथा बलिया कोटेदार संघ के मीडिया प्रभारी जितेन्द्र यादव सहित सैकड़ों कोटेदार उपस्थित रहे।

धरना प्रदर्शन के दौरान कोटेदारों ने मुख्य रूप से मानदेय बढ़ाने, कमीशन में वृद्धि तथा अन्य लंबित मांगों को जोरदार तरीके से उठाया। कोटेदारों का कहना है कि लंबे समय से कमीशन बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक सरकार द्वारा कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे कोटेदारों में गहरा रोष व्याप्त है।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा कि “कोटेदार प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें उनके श्रम के अनुरूप मानदेय और कमीशन नहीं मिल पा रहा है। यह आंदोलन कोटेदारों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है।”

वहीं बैरिया ब्लॉक अध्यक्ष पवन सिंह ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए लखनऊ कार्यक्रम में आने–जाने व एक दिन के खर्च के रूप में ₹11,000 की राशि प्रदेश अध्यक्ष को भेंट की, जिससे बलिया जनपद का सम्मान प्रदेश स्तर पर और ऊंचा हुआ। जिला अध्यक्ष आनंद सिंह ने इस योगदान की सराहना करते हुए इसे संगठनात्मक एकता का प्रतीक बताया।

हालांकि कार्यक्रम में कुछ ब्लॉकों के अध्यक्ष अनुपस्थित रहे, जिनकी ओर से व्यक्तिगत एवं प्रशासनिक मजबूरियों की जानकारी दी गई। इसके बावजूद धरना–प्रदर्शन पूरी तरह सफल रहा और कोटेदारों की एकजुटता ने प्रदेश सरकार तक मजबूत संदेश पहुंचाया।



By- Dhiraj Singh

No comments