Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

नन्हे विद्यार्थियों ने विज्ञान प्रदर्शनी में बिखेरी प्रतिभा की चमक





मनियर (बलिया)। थाना क्षेत्र के खेजुरी रोड स्थित पिलूई पेट्रोल पंप के पास आरएम सनसिटी पब्लिक स्कूल में शनिवार को नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। “ज्ञान का दीप जलाने से अंधेरा मिट जाता है” की उक्ति को चरितार्थ करते हुए विद्यालय के होनहार बच्चों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि दर्शक वाह-वाह करने को मजबूर हो गए।

विभिन्न कक्षाओं के छात्रों ने जटिल वैज्ञानिक प्रोजेक्ट तैयार कर न केवल अपनी समझ का परिचय दिया, बल्कि भविष्य के वैज्ञानिक बनने का संदेश भी दिया। प्रदर्शनी में कक्षा आठवीं के छात्रों ने विशेष आकर्षण प्रस्तुत किया। उन्होंने होलोग्राम तकनीक पर आधारित अग्नि मिसाइल का जीवंत मॉडल प्रदर्शित किया, जिसने दर्शकों का ध्यान खींच लिया।

इसके अलावा ‘बाजार गेम’ के माध्यम से अर्थव्यवस्था के चक्र को सरल ढंग से समझाया गया। वहीं चंद्र और सूर्य ग्रहण से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों को भी आकर्षक मॉडल के जरिए प्रदर्शित किया गया। अन्य प्रोजेक्ट्स में पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, जल संचयन और रोबोटिक्स जैसे विषयों को बच्चों ने अपने मॉडलों के माध्यम से बखूबी प्रस्तुत किया।

प्रदर्शनी में आए स्थानीय लोगों ने बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें प्रोत्साहन दिया जाए तो वे बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं। अभिभावकों ने भी बच्चों के प्रोजेक्ट्स की प्रशंसा करते हुए गर्व व्यक्त किया।

विद्यालय के प्रबंधक राजेश सोनी ने कहा कि इस तरह के आयोजन छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उनकी रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए किए जाते हैं।

इस मौके पर प्रधानाचार्य राज नारायण शर्मा, उप-प्रधानाचार्य प्रेम शंकर राय तथा शिक्षक चंदन तिवारी, प्रवीण शर्मा, अजय वर्मा, मनंजय यादव, कृष्णा यादव, अमृता शर्मा, दुर्गा सिंह, अंकिता गुप्ता, अर्चना शर्मा और रीमा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


रिपोर्ट मनु तिवारी 

No comments