सीएचसी पर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचवीपी टीकाकरण का हुआ शुभारंभ
गड़वार(बलिया) सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार से जनपद में किशोरियों के लिए एचवीपी टीकाकरण अभियान की शुरुआत की। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतसर में अधीक्षक डा० राकिफ अख्तर ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि प्रत्येक सोमवार व गुरुवार को सीएचसी पर कक्ष संख्या 48 में 9 बजे से चार बजे तक टीका लगाया जाएगा। यह टीका एक ही डोज का होगा,जो सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाव में सहायक है। टीका विल्कुल मुफ्त में उपलब्ध है। बीपीएम आशुतोष सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में ब्लाक में 490 किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इस टीके की अनुमानित कीमत लगभग चार हजार रुपए है। टीकाकरण 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को लगाया जाएगा। आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, स्कूल आईडी या फोटोयुक्त प्रमाण-पत्र जैसे दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया की टीकाकरण के बाद प्रमाण-पत्र यूविन पोर्टल के माध्यम से डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया जाएगा या लाभार्थी स्वयं भी प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते है। टीकाकरण एएनएम आशा देवी द्वारा लगाया जाएगा। बीसीपीएम अनिल कुमार ने ब्लाक के सभी आशाओं से अधिक से अधिक संख्या में किशोरियों को प्रेरित करने की सलाह दी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपनी बच्चियों को यह टीका अवश्य लगवाने की अपील की है।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments