धुमधाम से मनाया गया ईद का त्यौहार
मनियर, बलिया । रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति पर मनियर क्षेत्र में ईद-उल-फित्र का त्योहार शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में उमंग भरी भीड़ उमड़ पड़ी, नव ईदगाह व दो मस्जिदों सहित कुल 11 स्थानो पर मुसलमानों ने नमाज अदा की गयी । मनियर चांदूपाकड़ ईदगाह पर मौलाना अदनान, मुडियारी में गुफरान अली, छितौनी में सदरे आलम, रामपुर में जेहर अली, बड़ागांव में नसीम अख्तर, चकफुल मोहम्मद शाहिद, मस्जिद पिलुई में शहीद रजा, भागीपुर में अली आलम शाह, ईदगाह निपानिया में असरफी साहब, मस्जिद निपानिया पर अशरफी साहब, असना में करीमुल्ला अंसारी ने निर्धारित समयानुसार नमाज अदा करायी तत्पश्चात मुस्लिम भाइयों ने एक दूसरे के गले मिलकर बधाई दिया।स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, जिसमें पुलिस बल और होमगार्ड एवं पीआरडी जवान तैनात रहे।ईद की नमाज के बाद एक दूसरे के गले मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। लोग एक-दूसरे को ईद मुबारक कहते हुए सीर, खजूर और मिठाइयां बांटते नजर आए। मनियर बाजार में रौनक छाई रही, जहां दुकानें सजी हुईं और खरीदारी का जमघट लगा। बच्चे नए कपड़ों में सज-धजकर घूमते रहे, जबकि महिलाएं पारंपरिक परिधानों में उत्सव की शोभा बढ़ा रही थीं।स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने ईदगाह पहुंचकर मुसलमान भाइयों को बधाई दी और शांति-सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा, "ईद हमें एकता और भाईचारे का पैगाम देती है। मनियर की मिट्टी सभी धर्मों के लिए समान है।" इसी क्रम में मनियर थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक ने भी नमाजियों से मुलाकात की और सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल मौजूद रही। हालांकि छिंटफूट बारिश के बावजूद उत्साह में कोई कमी नजर न आई। बच्चे रंग-बिरंगे गुब्बारों और खिलौनों के साथ खुशियां मना रहे थे।ईद ने मनियर की गलियों में खुशियों का संचार किया। आने वाले दिनों में यह त्योहार सामुदायिक एकजुटता को मजबूत करेगा।
वर्षा के चलते ईदगाह की जगह मस्जिदों में पढ़ी गई नमाज
रेवती (बलिया) वर्षा के चलते ईदगाह की जगह नगर के अलग, अलग मस्जिदों पर ईद की नमाज अदा की गई। बड़ी मस्जिद पर मौलाना मुहम्मद अलाउद्दीन, छोटी मस्जिद पर मौलाना मुहम्मद जमुरूदीन तथा थाना के समीप स्थित मस्जिद पर मौलाना मुहम्मद आजम ने नमाज अदा कराई। इस दौरान नगर पंचायत रेवती के अध्यक्ष प्रतिनिधि कनक पांडेय, भाजपा नेता मांडलू सिंह, सपा नेता पप्पू पांडेय, समाजसेवी डॉ आर.बी.एन पांडेय, भाजपा मंडल अध्यक्ष भोला ओझा आदि ने मुस्लिम बंधुओं ईद को अलग अलग मुबारकबाद दी।
रिपोर्टर : मनु तिवारी, पुनीत केशरी



No comments