पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट व चाकूबाजी में आधा दर्जन घायल
रेवती (बलिया) थाना क्षेत्र के हरिहाकला ग्राम के नवकाटोला गांव में रविवार की देर सायं पुरानी रंजिश को लेकर हुई मारपीट तथा चाकूबाजी की घटना में दो पक्षों से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस द्वारा सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
हरिहाकला छत्तिसा गांव निवासी राकेश यादव गत रविवार की देर सायं रास्ते में खड़ा था।इसी बीच नवकाटोला हरिहाकला गांव निवासी धनराज बिंद तथा महेश बिंद बाईक से कही जा रहे थे। दोनों ने राकेश यादव से रास्ते से हटने के लिए कहा। इसी बीच पुरानी रंजिश को लेकर राकेश यादव व धनराज से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बीच दोनों में मारपीट होने लगी । थोड़ी देर में दोनों तरफ से लोग जूट गए। लाठी डंडे से हुई जबरदस्त मारपीट व चाकूबाजी में प्रथम पक्ष से 16 वर्षीय राकेश यादव,14 वर्षीय मिट्ठू यादव पुत्रगण बाबूलाल यादव तथा 16 वर्षीय राकेश यादव पुत्र केदार यादव तथा दूसरे पक्ष से 38 वर्षीय लालबहादुर बिंद,65 वर्षीय शिव कुमार बिंद तथा 53 वर्षीय अच्छेलाल बिंद घायल हो गए। मारपीट के दौरान राकेश यादव के पीट में चाकू लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 नंबर की दो गाडिया मौके पर पहुंची तथा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती पर भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के पश्चात प्रथम पक्ष के राकेश यादव व मिठ्ठू यादव तथा दूसरे पक्ष से लालबहादुर बिंद, शिव कुमार बिंद तथा अच्छे लाल बिंद को जिला अस्पताल बलिया के लिए रेफर कर दिया गया। प्रथम पक्ष के रोहित यादव निवासी गांव छतीसा ने दो नामजद तथा एक अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर मेरे भाई को धर्मराज बिंद व महेश बिंद ने चाकू व फरसा मारकर घायल कर दिया। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि प्रथम पक्ष की तहरीर पर दो लोगों तथा एक अज्ञात के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। दसरे पक्ष से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर उनके तरफ से भी मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
पुनीत केशरी


No comments