फांसी लगाकर युवक ने की आत्महत्या, दो माह पूर्व हुई थी शादी
गड़वार (बलिया) थाना क्षेत्र के रामपुर असली गांव में शनिवार की देर शाम एक युवक ने ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों सहित गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र के
रामपुर असली गांव निवासी राजेश प्रसाद गोंड का 26 वर्षीय पुत्र राजेश प्रभु प्रसाद ने गांव स्थित अपने नवनिर्मित डेरे में टीनशेड की पाइप में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। डेरे में पहुंचने पर युवक का शव फंदे से लटकता मिला। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। बताया जा रहा है कि प्रभु प्रसाद की शादी बीते 9 मार्च को हुई थी। घटना के पीछे किसी दूसरी लड़की से प्रेम प्रसंग की चर्चा भी क्षेत्र में हो रही है। हालांकि पुलिस ने किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments