Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

तालाब की रखवाली के लिए लगाए गए बाड़ में उतरा करंट,फूल तोड़ने गए बुजुर्ग की करंट लगने से मौत,पसरा मातम

 



गड़वार (बलिया) थाना क्षेत्र के बलेसरा गांव में मंगलवार तड़के फूल तोड़ने गए एक बुजुर्ग की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ जेडी सिंह (70) पुत्र स्व. शिवजी सिंह मंगलवार सुबह करीब पांच बजे घर से फूल तोड़ने निकले थे। ग्रामीणों के अनुसार गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने तालाब की रखवाली के लिए कंटीले तारों से घेराबंदी कर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। फूल का पौधा कंटीले तार के संपर्क में होने के कारण जितेंद्र सिंह उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने डंडे के सहारे तार को अलग कर शव को बाहर निकाला। मृतक की पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि करंट युक्त तार बाड़ सार्वजनिक रास्ते के किनारे लगाया गया था, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। आरोप है कि इससे पहले भी कई ग्रामीण करंट की चपेट में आ चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जितेंद्र सिंह क्षेत्र में सामाजिक रूप से काफी सक्रिय और सम्मानित व्यक्ति थे। वह एसएम यूनिवर्सल एकेडमी, बलुआ चोगड़ा के मुख्य कार्यकर्ताओं में शामिल थे। विद्यालय के निर्माण से लेकर उसके संचालन और देखरेख तक में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय के प्रबंधन से जुड़े लोगों ने उनकी मृत्यु को अपूरणीय क्षति बताया है। बताया जाता है कि यह विद्यालय रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह के मौसी के पुत्र भूपेंद्र सिंह से जुड़ा हुआ है।

मृतक अपने पीछे दो पुत्र,दो पुत्रियां और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद गांव सहित क्षेत्र में शोक का माहौल है।

थानाध्यक्ष गड़वार ने बताया कि मृतक के पुत्र राहुल सिंह की तहरीर पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्ट : डी.पांडेय

No comments