प्रेमिका से शादी की जिद को लेकर हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़ा प्रेमी, एक घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
गड़वार(बलिया) स्थानीय थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में स्थित1.32 लाख वोल्ट के हाई टेंशन बिजली टावर पर रविवार की सुबह एक युवक चढ़ कर कथित प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद पर अड़ गया।मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई व युवक को नीचे उतारने के लिए करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत का युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। गोंडा जनपद के थाना धानेपुर के विरतीयन पुरवा गांव निवासी युवक आकाश शुक्ला (20)वर्ष पुत्र रक्षा राम शुक्ला रविवार की सुबह ही हरिपुर गांव स्थित बिजली के टावर पर चढ़ कर हंगामा करना शुरू कर दिया। जिस की आवाज सुनकर मौके पर खेतों में धान की रोपाई कर रहे किसान व ग्रामीण जुट गए।इसकी सूचना पीआरवी व थाने पर दी गई।युवक ने आरोप लगाया कि गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की से सोशल साइट् इंस्टाग्राम पर चार महीने पहले से उसकी बात चीत हो रही थी। आरोप लगाया कि उसकी कथित प्रेमिका अपना घर छोड़कर उसके साथ उसके गांव चली गई और वहां जाकर मंदिर में विवाह भी कर लिया। दो महीने साथ रहने के बाद प्रेमिका अपने गांव चली आई।युवक उसको अपने साथ ले जाने के लिए युवती के घर आया तो उसके परिजन उसके साथ मारपीट करने लगे तथा युवती को उसके साथ ले जाने से मना करने लगे।जिससे नाराज होकर युवक हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया।युवक की बात सुनकर पुलिस ने कथित प्रेमिका व उसके परिजनों को अपने साथ लेकर हाईटेंशन टावर के पास आई।काफी मान मन्नौवल व कड़ी मशक्कत के बाद युवक को किसी तरह से नीचे उतारा गया। पुलिस युवक व उसकी प्रेमिका के परिजनों को थाने लेकर चली आयी। थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि कथित प्रेमी और लड़की के परिजनों से बात-चीत चल रही है।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय


No comments