Kali Maa Pakri Dham

Breaking News

Akhand Bharat welcomes you

बड़सरी जागीर से घोघा मार्ग की बदहाल सड़क पर ग्रामीणों ने धान रोपा व प्रदर्शन किया, जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप

 


मनियर, बलिया । बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के बड़सरी जागीर से घोघा मार्ग की जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों का सब्र रविवार को टूट गया। वर्षों से बदहाल सड़क और गहरे गड्ढों के विरोध में ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए सड़क के गड्ढों में सांकेतिक रूप से धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से खस्ताहाल है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण पैदल चलना, साइकिल, मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव होने से आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। बच्चों को स्कूल जाने और किसानों को खेत तक पहुंचने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के दौरान बसपा नेता राजू राजभर ने वर्तमान बांसडीह विधायक केतकी सिंह और सलेमपुर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी पर सड़क की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद ग्रामीणों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता।ग्रामीण आनंद राजभर, बैजू यादव, कन्हैया यादव, सुमित सहित अन्य लोगों ने बताया कि लोहटा चौराहे से लोहटा स्थित देसी शराब की भट्ठी तक सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। वहीं बड़सरी जागीर से घोघा तक मार्ग पर गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


रिपोर्ट - मनु तिवारी

No comments