मजदूरी कर लौट रहे बाइक सवार युवक को बेकाबू ट्रेलर ने कुचला,दर्दनाक मौत,मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
गड़वार(बलिया) स्थानीय थाना क्षेत्र के गड़वार-फेफना मार्ग पर स्थित गढिया(सरयां) गांव के समीप शुक्रवार की दोपहर बाइक और ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार एक युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जिससे स्वजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी दिनेश कुमार वर्मा (42) पुत्र रामचंद्र वर्मा शुक्रवार की दोपहर बाइक से गड़वार की तरफ से अपने गांव जा रहे थे,अभी अपने गांव से पांच सौ मीटर पहले गढ़िया पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपने चपेट में ले लिया। इससे दिनेश की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया। वहीं घटना के बाद ट्रेलर लेकर भाग रहे चालक ने गाड़ी को चांदपुर पुलिया के समीप खड़ा कर मौके से फरार हो गया। घटना के आक्रोश स्वरूप ग्रामीणों ने गड़वार- फेफना मार्ग पर सरयां के समीप चालक की गिरफ्तारी,पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर जाम लगा दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार यादव व थाना प्रभारी हितेश कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और जाम लगा रहे ग्रामीणों से वार्ता कर उचित सरकारी मुआ वजे,चालक की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को शासन के मंशानुसार यथा संभव पूरा करने का आश्वासन दिया। तब जाकर लगभग एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। अकस्मात इस घटना से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक दिनेश कुमार परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। वह मजदूरी कर परिवार का किसी तरह भरण-पोषण करता था। पत्नी शैल देवी का रो रोकर बुरा हाल है। मृतक की तीन पुत्रियां व एक पुत्र है।पुत्र की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है वहीं शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रिपोर्ट : डी.पाण्डेय



No comments