बाढ़ के पानी में नहाने गया 16 वर्षीय किशोर, गहरे पानी में डूबकर मौत
बाढ़ के पानी में नहाने गया 16 वर्षीय किशोर, गहरे पानी में डूबकर मौत
साथियों संग सरयू की बाढ़ में नहाने गया 16 वर्षीय युवक, गहरे पानी में डूबने से मौत
निपनिया गांव में हादसे के बाद मचा कोहराम, चरवाहों ने पानी से बाहर निकाला
मनियर (बलिया)। सरयू नदी के छाड़न में आई बाढ़ के पानी में साथियों संग नहाने गए 16 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा शुक्रवार को मनियर थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में हुआ। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निपनिया गांव निवासी जमशेद अहमद (16) पुत्र खुर्शीद अहमद अपने साथी अहमद और नियाज के साथ गांव के उत्तर दिशा स्थित कोल में बाढ़ के पानी में नहाने गया था। तीनों युवक पानी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान जमशेद अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
जमशेद को डूबता देख उसके साथी अहमद और नियाज ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। शोर सुनकर आसपास भैंस चरा रहे चरवाहे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद जमशेद को पानी से बाहर निकाला।
ग्रामीणों और परिजनों की मदद से जमशेद को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले जाया गया। वहां आयुष चिकित्सक डॉ. उग्रसेन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में भी मातम छा गया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट : मनु तिवारी


No comments